CM जयराम बोले-अमित शाह को क्लीन चिट मिलने से बेनकाब हुई कांग्रेस

Wednesday, Jan 02, 2019 - 11:19 PM (IST)

शिमला: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सोहराबुद्दीन शेख फर्जी मुठभेड़ मामले में न्यायालय की तरफ से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहित अन्यों को क्लीन चिट मिलने के बाद देश में कांग्रेस पूरी तरह से बेनकाब हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र में कांग्रेस नेतृत्व में तत्कालीन यू.पी.ए. सरकार ने लगभग 8 वर्ष पहले अमित शाह, जो उस समय गुजरात के गृह राज्य मंत्री थे, उनको एक सुनियोजित राजनीतिक षड्यंत्र के तहत इस मामले में फंसाने की कोशिश की थी।

तत्कालीन केंद्र सरकार ने किया सी.बी.आई. का दुरुपयोग

उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन केंद्र सरकार ने इस मामले में सी.बी.आई. का पूरी तरह से दुरुपयोग किया और अमित शाह के विरुद्ध झूठा मामला तैयार करवाकर उनका राजनीतिक जीवन बर्बाद करने की कोशिश की थी। सच्चाई की हमेशा जीत होती है और मुम्बई की एक विशेष सी.बी.आई. अदालत ने 21 दिसम्बर, 2018 को सोहराबुदद्ीन शेख हत्या मामले सभी 22 आरोपित व्यक्तियों को साक्ष्य न होने पर बरी कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जब भी सत्ता में रही उसने सी.बी.आई. का दुरुपयोग करते हुए अपने राजनीतिक विरोधियों को दबाने की कोशिश की है और झूठे मामलों में फंसाकर बेवजह तंग किया है।

अमित शाह राजनीतिक कारणों से थोपे गए थे केस

न्यायालय ने भी माना है कि अमित शाह पर केस राजनीतिक कारणों से थोपे गए थे। कांग्रेस पार्टी अमित शाह के राजनीतिक भविष्य को बर्बाद करना चाहती थी क्योंकि उनकी लोकप्रियता काफी बढ़ चुकी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्र विरोधी ताकतों को कांग्रेस का सहारा मिलना नई बात नहीं है, लेकिन इस प्रकार के कुकृत्य देशहित से खिलवाड़ हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने अपने निजी हितों को हमेशा तरजीह दी और सत्ता इसके लिए राष्ट्रहितों की भी परवाह नहीं की है।

Vijay