लोकसभा चुनाव : CM जयराम की मां ब्रिक्कू देवी और बड़े भाई अनंत राम ने किया मतदान

Sunday, May 19, 2019 - 03:59 PM (IST)

मंडी: हिमाचल की हॉट सीट मंडी पर सुबह 7 बजे से मतदान की प्रक्रिया जारी है। मंडी जिला के सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्वक मतदान प्रक्रिया चल रही है। लोगों में मतदान को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। सी.एम. जयराम ठाकुर की माता ब्रिक्कू देवी व बड़े भाई अनंत राम ने भी पोलिंग बूथ सिराज पर आकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। उन्होंने मुरहाग स्कूल में बने पोलिंग बूथ पर मतदान किया। वहीं सी.एम. जयराम ठाकुर ने भी सुबह करीब 10 बजे इसी पोलिंग बूथ पर परिवार सहित आकर मतदान किया। वहीं मतदान कर चुके लोगों ने अन्य लोगों से भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का आह्वान किया है। मंडी के नाचन में कुछ पोलिंग बूथ पर ई.वी.एम. मशीनें खराब होने की भी खबर है।

मंडी में 17 विधानसभा सीटें

बता दें कि मंडी संसदीय क्षेत्र के तहत 6 जिलों के कुल 17 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। इनमें मंडी के 9 विधानसभा क्षेत्रों के अलावा कुल्लू के 4 विधानसभा क्षेत्र, शिमला के रामपुर और चम्बा के भरमौर क्षेत्र के साथ किन्नौर एवं लाहौल-स्पीति विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।

करीब 13 लाख मतदाता

मंडी संसदीय क्षेत्र में कुल 12,81,462 मतदाता हैं। इनमें 6,30,661 महिला मतदाता और 6,50,796 पुरुष वोटर हैं जबकि सर्विस वोटर की संख्या 13,747 हैं। इसके साथ ही थर्ज जैंडर के 5 मतदाता हैं। मंडी जिला में 25,500 युवा पहली बार इन चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मंडी संसदीय क्षेत्र में हर विधानसभा हलके में 2 मतदान केंद्र महिला कर्मियों द्वारा संचालित होंगे।

Vijay