खलीनी चौक में 9.82 करोड़ से फ्लाईओवर, ढली में 17.18 करोड़ से बनेगा बस स्टैंड

Friday, Jul 08, 2022 - 09:46 PM (IST)

शिमला (राजेश): राजधानी शिमला की जल्द ही खलीनी चौक पर 9.82 करोड़ से फ्लाईओवर बनेगा। वहीं ढली में 17.18 करोड़ रुपए की लागत से बस स्टैंड बनेगा, जिससे ऊपरी शिमला के लोगों को सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को शिमला शहर में 55 करोड़ रुपए की विकासात्मक परियोजनाओं के शिलान्यास किए। इस दौरान उन्होंने रिज से 7.64 करोड़ रुपए मूल्य के 21 अत्याधुनिक दमकल वाहनों को हरी झंडी दिखाई। शिमला में हुए शिलान्यासों में मुख्यमंत्री ने दाड़नी का बगीचा शिमला में 19.82 करोड़ रुपए से निर्मित होने वाली सब्जी मंडी, खलीनी चौक पर 9.82 करोड़ रुपए से निर्मित होने वाला फ्लाईओवर, विकासनगर के समीप 7.62 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाले फुटओवर ब्रिज के चरण-दो और तीन और ढली में 17.18 करोड़ रुपए से निर्मित होने वाले बस स्टैंड, परिवहन कार्यालय, कार्यशाला और वाणिज्यिक परिसर शामिल हैं। 

शिमलावासियों को जल्द सुनिश्चित होगी 24 घंटे जलापूर्ति 
ढली में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिमला शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के साथ इसके पुराने गौरव को पुन: बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2018 की गर्मियों में जल संकट के पश्चात शिमला शहर में 70 करोड़ रुपए की चाबा जलापूर्ति योजना 9 महीने के रिकॉर्ड समय में पूरी की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिमला शहर के लिए 1813 करोड़ रुपए की जलापूर्ति योजना का निर्माण किया जा रहा है, इस योजना के पूरा होने पर शिमलावासियों को 24 घंटे जलापूर्ति सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि ढली में डबललेन सुरंग का निर्माण किया जा रहा है। इससे मार्ग पर वाहनों का निर्बाध आवागमन सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि आजादी के उपरांत शिमला शहर में एक भी सुरंग का निर्माण नहीं हुआ।

शिमला शहर को 20 व धर्मशाला को 15 इलैक्ट्रिक बसें, तारादेवी में चार्जिंग स्टेशन
मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए शिमला शहर के लिए 20 और धर्मशाला शहर के लिए 15 इलैक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि तारादेवी में चाॄजग स्टेशन भी स्थापित किया जाएगा। वहीं इस मौके पर शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने अमृत मिशन के अंतर्गत 20 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली सब्जी मंडी और अन्य विकासात्मक परियोजनाओं की आधारशिला रखने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कसुम्पटी के भाजपा मंडलाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने मुख्यमंत्री व अन्य गण्यमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया।

सीएम से मिली महिला, परिजनों पर लगाए घरेलू हिंसा के आरोप
रिज पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान शिमला की एक महिला अपनी फरियाद लेकर मुख्यमंत्री के समक्ष पहुंची और न्याय की मांग की है। इस दौरान महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर घरेलू हिंसा के आरोप लगाए और मुख्यमंत्री से मांग की कि जल्द से जल्द एक्शन लिया जाए, वहीं मुख्यमंत्री ने मौके पर महिला की बात को सुना और महिला को आश्वासन दिया कि मामले की जांच की जाएगी। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay