सत्ता-संगठन के काम की निरंतर हो रही समीक्षा, मंत्री-विधायकों को दिखानी होगी परफॉर्मैंस : जयराम

Saturday, Feb 20, 2021 - 08:18 PM (IST)

शिमला (पत्थरिया): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा में सत्ता और संगठन के कामकाज की निरंतर समीक्षा हो रही है, ऐसे में मंत्री और विधायकों को भी अपनी परफार्मैंस दिखानी होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति बैठक में यह विषय भी चर्चा के लिए आया है, जिस पर सबको काम करना होगा। मुख्यमंत्री यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मंत्री और विधायकों का कामकाज उनके रिपोर्ट कार्ड का हिस्सा होगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में मंत्रियों के विभागों में किसी तरह का फेरबदल नहीं होगा।

हिमाचल को अभी जारी है राजस्व घाटा अनुदान ग्रांट

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को मिलने वाली राजस्व घाटा अनुदान ग्रांट अभी जारी है जो बहुत बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में पूरे देश की वित्तीय स्थिति खराब हुई है, जिस कारण एक फार्मूले के तहत सभी राज्यों को वित्तीय मदद उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट के कारण वित्तीय मुश्किलें आई हैं, जिसे दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। देश में बढ़ती महंगाई को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस दिशा में प्रभावी पग उठा रही है। उन्होंने कहा कि इसका जल्द समाधान निकलेगा।

ग्राम सभा के बाद विधानसभा चुनाव जीतेंगे

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा ग्राम सभा चुनाव के बाद अब आगामी विधानसभा चुनाव भी जीतेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने स्थानीय निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया है और अब नगर निगम चुनाव में भी पार्टी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने प्रदेश कार्यसमिति बैठक में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया है। इसी तरह काफी अरसे के बाद पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने भी बैठक में भाग लिया है, जो पार्टी के लिए अच्छी बात है।

Content Writer

Vijay