टाटा, महिंद्रा और गोदरेज ग्रुप हिमाचल में निवेश को तैयार

Thursday, Jun 27, 2019 - 10:22 PM (IST)

शिमला: हिमाचल में टाटा, महिंद्रा और गोदरेज ग्रुप ने निवेश की इच्छा जताई है। वीरवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुंबई में टाटा ट्रस्ट के अध्यक्ष रतन टाटा से मुलाकात की तथा उनसे प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री ने टाटा से प्रदेश में विशेषकर पर्यटन, आई.टी. व इलैक्ट्रिक वाहन के निर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर विचार करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने टाटा ग्रुप को प्रदेश में बद्दी, परवाणु तथा नालागढ़ जैसे औद्योगिक स्थलों जोकि रेलवे सुविधा से जुड़े हुए हैं, उसमें इलैक्ट्रिक वाहनों के निर्माण में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

इन्वैस्टर मीट से पहले गठित होगी संयुक्त टास्क फोर्स

टाटा ने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि नवम्बर माह में होने वाली इन्वैस्टर मीट से पहले टाटा ग्रुप के चेयरमैन की अध्यक्षता में हिमाचल सरकार के साथ एक संयुक्त टास्क फोर्स गठित की जाएगी ताकि प्रदेश में निवेश की संभावनाओं का पता लगाया जा सके। उन्होंने यह भरोसा दिलाया कि टाटा सन्ज निश्चित तौर पर हिमाचल में कुछ चुनिंदा क्षेत्रों में निवेश के लिए आगे आएगा।

ग्रीन फील्ड प्रोजैक्ट में 200 करोड़ निवेश करेगा महिंद्रा ग्रुप

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने महिंद्रा से पर्यटन, ऑटोमोबाइल और सूचना प्रौद्योगिकी आदि क्षेत्रों में विशेषकर निवेश करने पर विचार करने का आग्रह किया। आनंद महिंद्रा ने पर्यटन व रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों में निवेश के प्रति अपनी गहरी रुचि व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री द्वारा आरंभ की गई नई राहें-नई मंजिलें योजना की प्रशंसा की तथा इस योजना में साझेदारी करने की भी रुचि दिखाई। उन्होंने कहा कि महिंद्रा ग्रुप ठियोग के कंडाधार में ग्रीन फील्ड प्रोजैक्ट के विस्तार के लिए 200 करोड़ रुपए का निवेश करने जा रहा है। इससे 200 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा।

उद्योग मंत्री ने की महिंद्रा ग्रुप के प्रयासों की सराहना

उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ने कूड़े से ऊर्जा बनाने वाली परियोजना के लिए महिंद्रा ग्रुप के प्रयासों की सराहना की तथा उनसे शिमला व धर्मशाला जैसे शहरों में पायलट प्रोजैक्ट के रूप में ऐसी परियोजनाएं लाने का आग्रह किया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव डा. श्रीकांत बाल्दी, मनोज कुमार और राम सुभग सिंह, प्रमुख सचिव प्रमोद सक्सेना, निदेशक उद्योग हंसराज शर्मा, विशेष सचिव आबिद हुसैन सादिक और मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विनय सिंह भी उपस्थित रहे।

महिंद्रा ग्रुप ने जताई यह इच्छा

बैठक के दौरान महिंद्रा ग्रुप ने बताया कि वह हिमाचल में स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के तहत इलैक्ट्रिक बसें चलाने तथा इंटैलीजैंट यातायात व्यवस्था में भागीदार बनने की संभावनाएं तलाश रहा है। बैठक के दौरान मङ्क्षहद्रा ग्रुप ने कूड़े से ऊर्जा बनाने में रुचि दिखाते हुए हिमाचल में निवेश करने की इच्छा व्यक्त की क्योंकि पाइन कोन व पत्तियों को ऊर्जा में परिवर्तित करने की अपार संभावनाएं विद्यमान हैं।

रियल एस्टेट सैक्टर में दर्ज करवाएं उपस्थिति

मुख्यमंत्री ने गोदरेज ग्रुप के अध्यक्ष आदी गोदरेज से भी मुलाकात की और उनसे राज्य में एफ.एम.सी.जी. व रियल एस्टेट सैक्टर में उनकी उपस्थिति बढ़ाने का अनुरोध किया। उन्होंने गोदरेज ग्रुप के अध्यक्ष को धर्मशाला में नवम्बर माह में आयोजित होने वाली ग्लोबल इंवैस्टर मीट के लिए भी आमंत्रित किया। गोदरेज ग्रुप के अध्यक्ष ने प्रतिनिधिमंडल को सूचित किया कि वह अपने सभी व्यवसायों के बारे में एक उपयुक्त नोट भेजेंगे और राज्य में निवेश के अवसरों का पता लगाएंगे।

Vijay