CM Jairam ने दुबई में रह रहे हिमाचलियों से की ये अपील, पढ़ें खबर

Tuesday, Jun 25, 2019 - 03:27 PM (IST)

शिमला (योगराज): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बीते शाम संयुक्त अरब अमीरात (यू.ए.ई) की यात्रा के दौरान दुबई में हिमाचली समुदाय के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि अपनी कड़ी मेहनत और ईमानदार स्वभाव के कारण हिमाचल के लोगों ने दुनिया के प्रत्येक कोने में अपनी विशेष पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि हिमाचली प्रवासियों का संयुक्त अरब अमीरात के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। हिमाचल के लोगों ने न केवल व्यावसायिक दुनिया में अपनी जगह बनाई है अपितु चिकित्सा और इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में भी बड़ा योगदान दिया है।

वर्ष 1964 में खोले गए द इंडिया क्लब में हुआ कार्यक्रम

उन्होंने यू.ए.ई. में रह रहे हिमाचलियों से हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए आगे आकर योगदान देने का आग्रह किया है। दुबई में भारत के महावाणिज्य दूत विपुल ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और दुबई के विकास में हिमाचलियों के योगदान पर प्रकाश डाला। द इंडिया क्लब जहां पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया वह वर्ष 1964 में खोला गया था।

ये रहे मौके पर मौजूद

इस अवसर पर उद्योग मंत्री व्रिकम सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव व मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. श्रीकांत बाल्दी, अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग मनोज कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यटन राम सुभग सिंह, निदेशक उद्योग हंस राज शर्मा, विशेष सचिव अबीद हुसैन सादिक, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विनय सिंह व सी.आई.आई. हिमाचल प्रदेश के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

Vijay