कांग्रेस सरकारों ने देश को बेचा, ‘आप’ ने झूठ बोलकर बनाई सरकारें : जयराम

Tuesday, Nov 22, 2022 - 09:47 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दावा किया है कि हिमाचल प्रदेश और गुजरात में 8 दिसम्बर को फिर कमल खिलेगा। उन्होंने गुजरात के नडीयाड़, वेजलपुर और नरानपुरा विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव जनसभाओं को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भी इस बार रिवाज बदलेगा। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि वर्ष, 2014 से पहले देश में कई बार कांग्रेस की सरकारें बनीं, जिसमें भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा। उन्होंने पूर्व कांग्रेस सरकारों पर देश को बेचने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि आज देश में कांग्रेस की हालत ऐसी बन चुकी है कि उनके नेता भाजपा जोड़ो और कांग्रेस छोड़ो यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी का नाम लिए बिना कहा कि देश में एक नई राजनीतिक पार्टी बनी है, जिसने झूठ बोलते हुए 2 राज्यों में सरकार बनाई है। उन्होंने कहा कि इस बार आम आदमी पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में भी विधानसभा चुनाव लड़ा है, जहां पर उसकी सभी सीटों पर जमानत जब्त होना तय है।

मोदी ने विश्वपटल पर भारत का मान बढ़ाया
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्वपटल पर भारत का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि आज विश्व के बड़े देश भारत का अनुसरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज गुजरात देश के अन्य राज्यों के लिए विकास मॉडल बन चुका है। 

बुधवार को शिमला लौटेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर गुजरात में चुनाव प्रचार करने के बाद बुधवार को वापस शिमला लौटेंगे। गुजरात जाने से पहले मुख्यमंत्री ने एमसीडी (नगर निगम दिल्ली) में भी भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में रोड शो किया था। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay