CM Jairam इस दिन मनाएंगे अपना जन्मदिन, जनता से करेंगे सीधा संवाद

Thursday, Jan 02, 2020 - 11:33 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): लोगों की समस्याओं के निवारण के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की तरफ से करीब 3 माह पहले शुरू की गई सीएम हैल्पलाइन की 6 जनवरी को समीक्षा होगी। मुख्यमंत्री स्वयं अपने जन्मदिन के अवसर पर अधिकारियों के साथ बैठकर शिकायतों की समीक्षा करेंगे। वह इस दौरान शिकायतकर्ताओं से सीधा संवाद करके जनता की नब्ज टटोलने का प्रयास भी करेंगे। सीएम हैल्पलाइन पर अब तक 43,804 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से सबसे अधिक शिकायतें लोक निर्माण विभाग की हैं। इसके बाद लोगों में आईपीएच, राजस्व और नगर निगम शिमला के प्रति भी नाराजगी है।

जानकारी के अनुसार सीएम हैल्पलाइन पर करीब 23 विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें लोक निर्माण विभाग की सबसे अधिक 6,832 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इन शिकायतों में लोगों ने खस्ताहाल सड़कों की तरफ सरकार का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया है। लोगों की तरफ से आईपीएच विभाग से संबंधित 6,552 शिकायतें की गई हैं।

इसी तरह राजस्व विभाग की 4,061, ग्रामीण विकास विभाग की 3,701, बिजली बोर्ड की 2,975, पंचायती राज विभाग की 2,692, परिवहन विभाग की 1,567, शिक्षा विभाग की 1,243, खाद्य आपूर्ति विभाग की 1,151, स्वास्थ्य विभाग की 999, वन विभाग की 941, नगर निगम शिमला की 482, उद्योग विभाग की 318, श्रम एवं रोजगार विभाग की 303 और पशुपालन विभाग की 302 शिकायतें प्राप्त हुई हैं।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री समीक्षा करते समय प्राप्त शिकायतों का निवारण करने को प्राथमिकता देंगे। समस्या के निवारण के लिए वह लोगों से फीडबैक लेकर उनकी राय भी जानेंगे। लोगों की राय के आधार पर इस सेवा में सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा।

Vijay