केंद्र से हिमालयी राज्यों को मिले उदार वित्तीय मदद : जयराम

Saturday, Jul 27, 2019 - 01:53 PM (IST)

शिमला : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि केंद्र सरकार की तरफ से हिमालयी राज्यों को उदार वित्तीय मदद मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के मसूरी में आयोजित किए जा रहे हिमालयी राज्यों के सम्मेलन में यह मुद्दा प्रमुखता से उठेगा। जयराम ठाकुर यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की तरफ से भी पहाड़ी राज्यों को आ रही समस्याओं को उठाया जाएगा।

सभी पहाड़ी राज्य इस दौरान एक जगह बैठकर विचार करेंगे ताकि केंद्र से अधिक मदद उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि हिमालयी राज्यों का अन्य प्रदेश के साथ आकलन करना सही नहीं है। हिमालयी राज्यों की यह सार्थक पहल है और सभी मिलकर सहयोग मांगेंगे। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के अलावा नीति आयोग के अध्यक्ष राजीव कुमार भी इस सम्मेलन में शिरकत करेंगे।

नशे पर नकेल कसने के लिए अगली बैठक हिमाचल में

जयराम ठाकुर ने कहा कि नशे को जड़ से समाप्त करने के खिलाफ उत्तरी राज्यों का संयुक्त अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इसकी अगली बैठक हिमाचल प्रदेश में होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में नशे से जुड़े मसलों से सख्ती से निपटा जाएगा।
 

kirti