किस बात से डरे हुए हैं अनिल, भाजपा ने डराने जैसी बात ही नहीं कही : जयराम

Tuesday, Apr 06, 2021 - 11:57 PM (IST)

शिमला (देवेंद्र): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंडी सदर से विधायक अनिल शर्मा पर पलटवार किया। भाजपा के स्थापना दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि उन्हें मालूम नहीं कि अनिल शर्मा किस बात से डरे हुए हैं। भाजपा ने उन्हें डराने जैसी कोई बात नहीं बोली है। अनिल शर्मा भाजपा के विधायक हैं। सीएम ने कहा कि बीते रोज वह मंडी बाजार में वोट मांगते वक्त यह कहते सुने गए कि सोच-समझ कर वोट देना। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को भी उनकी बात समझ नहीं आ रही थी।

सीएम ने कहा कि लोकसभा चुनाव में उनके पुत्र ने पहले भाजपा से टिकट मांगा, टिकट न मिलने पर कांग्रेस के पास गए। कांग्रेस से टिकट लेकर चुनाव लड़े तथा मंडी विधानसभा सीट पर अपने ही पाेलिंग बूथ में पिछड़ गए। लोकसभा चुनाव में तो अनिल शर्मा के पुत्र चुनाव मैदान में थे, लिहाजा उनकी बात समझ में आती है, लेकिन अनिल भाजपा के विधायक हैं। ऐसे में नगर निगम चुनाव में वोट किसके लिए मांग रहे थे, उन्हें यह साफ करना चाहिए।

सीएम ने कहा कि भाजपा ने पालमपुर, सोलन व मंडी नगर निगमों का गठन किया है। शहरों का नियोजित विकास व विस्तारीकरण हो इस मकसद से निगम बनाए गए। इन तीनों नगर निगमों के साथ ही धर्मशाला नगर निगम के चुनाव भी हो रहे हैं। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने देखा कि सभी जगह पर लोगों का भरपूर समर्थन भाजपा को मिला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को नगर निगम चुनाव के नतीजों का इंतजार करना चाहिए। सीएम ने कहा कि भाजपा ने स्थापना दिवस के बाद से अब तक के सफर में सेवा ही संकल्प के मूल मंत्र के साथ कार्य किया है। प्रसन्नता का विषय हैकि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। पार्टी गांव-गांव में गरीबों तक पहुंच रही है।

Content Writer

Vijay