CM जयराम की दो टूक, सरकार को काम करने वाले अधिकारियों की जरूरत

Wednesday, Jan 03, 2018 - 06:36 PM (IST)

बिलासपुर: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार सुबह परिधि गृह बिलासपुर में जिला के सभी उच्चाधिकारियों के साथ बैठक कर जहां अधिकारियों से दो टूक शब्दों में काम के रिजल्ट की डिमांड की, वहीं अधिकारियों से सहयोग की अपील भी की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने तमाम अधिकारियों को चेताया कि उन्हें काम चाहिए तथा जो काम करेगा, उसे सहयोग किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार लीक से हटकर कार्य करना चाहती है तथा अधिकारियों को इसके लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि सेवा करना हमारा कत्र्तव्य है तथा उन्हें अधिकारियों से इस बारे में नई पहल की उम्मीद है।

भाखड़ा विस्थापितों की समस्याओं बारे ली जानकारी
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उन्हें काम करने वाले अधिकारियों की जरूरत है। विकास के लिए मिलकर कार्य करना है और यह सब आपके सहयोग से संभव होगा। बैठक में मुख्यमंत्री ने भाखड़ा विस्थापितों बारे जिला के प्रशासनिक अधिकारियों से जानकारी ली ताकि भाखड़ा विस्थापितों की समस्याओं का निवारण हो सके। इसके अतिरिक्त उन्होंने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन से प्रभावित हुए परिवारों की समस्याओं तथा उन्हें मिले मुआवजे की भी पूरी जानकारी ली, वहीं नाबार्ड के तहत चल रहीं योजनाओं व सिंचाई एवं पेयजल योजना का भी ब्यौरा लिया। जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री को बताया कि नाबार्ड के तहत जिला में 14 परियोजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं जबकि 2 परियोजनाओं का काम अधर में लटका है। 

भानुपल्ली-बरमाणा रेल लाइन का मौजूदा स्टेटस जाना
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजनाओं के तहत लंबित पड़ी सड़कों के निर्माण बारे जिला के प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा भानुपल्ली-बरमाणा रेल लाइन का मौजूदा स्टेटस भी जाना। जिला की कानून व्यवस्था की जानकारी लेने के बाद पुलिस प्रशासन को नशे के खिलाफ  सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए तथा नशा निवारण अभियान से लोगों को जागरूक करने की सलाह भी दी। इस अवसर पर विधायक सुभाष ठाकुर, राजेंद्र गर्ग व जीत राम कटवाल, मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी. महेंद्र धर्माणी, राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, एस.पी. अंजुम आरा व एस.डी.एम. डा. हरीश गज्जू सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद थे।