दिल्ली में नितिन गडकरी से मिले CM जयराम, जानिए हिमाचल के किन मुद्दों पर की चर्चा

Thursday, Jan 03, 2019 - 11:49 PM (IST)

शिमला (पंकज राक्टा): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नई दिल्ली में केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर राज्य के लिए सैद्धांतिक रूप से स्वीकृत किए गए 53 राज्य मार्गों को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इसके लिए मंत्रालय को पहले ही अलाइनमैंट (संरेखण) प्रस्तुत किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने सरकाघाट-घुमारवीं और रानीताल-कोटला राज्य राजमार्गों को नए राष्ट्रीय राजमार्गों के रूप में अधिसूचित करने के अतिरिक्त सैद्धांतिक रूप से स्वीकृत शेष 5 राष्ट्रीय राजमार्गों को मंजूरी देने का आग्रह किया।

सड़कें पहाड़ी राज्य की जीवन रेखाएं

उन्होंने ठियोग बाईपास के लिए अनुमानों को मंजूरी देने के अतिरिक्त विकास और समुचित रखरखाव के लिए ठियोग-हाटकोटी सड़क मार्ग को राज्य लोक निर्माण विभाग को सौंपने का आग्रह किया। उन्होंने एन.एच.आई.आई.पी. चरण-2 के तहत हमीरपुर-मंडी (एन.एच.-70) और पांवटा साहिब-गुम्मा-फीड्ज पुल (एन.एच.-72) को शामिल करने के लिए मंत्रालय की मंजूरी मांगी और कहा कि सड़कें पहाड़ी राज्य की जीवन रेखाएं हैं और राज्य के भीतर कनैक्टीविटी का सबसे बेहतर साधन हैं। इसलिए इन परियोजनाओं पर तीव्र कार्रवाई बेहतर कनैक्टीविटी का मार्ग प्रशस्त करेगी।

फोरलेन कार्य धीमा होने पर की शिकायत

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को कालका-सोलन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के फोरलेन कार्य की धीमी प्रगति के बारे में भी अवगत कराया, जो राज्य की राजधानी में आने वाले पर्यटकों के लिए यातायात की भीड़ और असुविधा का कारण है। उन्होंने यह भी अवगत करवाया कि मटौर-शिमला (एन.एच.-88) और पठानकोट-मंडी (एन.एच.-20) पर कोई प्रगति नहीं हुई है। उन्होंने नादौन-हमीरपुर और ब्रह्मपुखर-शिमला (एन.एच.-88), पठानकोट-मंडी (एन.एच.-20) की स्थिति में सुधार के लिए अनुरोध किया, क्योंकि इन सड़कों का कोई उचित रखरखाव नहीं हो रहा है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को अवगत करवाया कि कीरतपुर साहब-नेरचौक (एन.एच.-21) पर काम रोक दिया गया है।

पिंजौर-बद्दी-नालागढ़ फोरलेन का जल्द शुरू हो निर्माण कार्य

उन्होंने कहा कि पिंजौर-बद्दी-नालागढ़ फोरलेन परियोजना के कार्य में देरी हो रही है। उन्होंने जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करने का आग्रह किया क्योंकि यह औद्योगिक क्षेत्र के लिए जीवन रेखा है, जो एक बड़ा फार्मा हब है और देश का 37 फीसदी दवा उत्पादन यहां हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस सड़क मार्ग पर वाहनों की भारी आवाजाही है, इसलिए इस सड़क मार्ग पर तेज गति से निर्माण कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने केंद्र से राज्य सरकार द्वारा पहले से प्रस्तुत किए गए उपयोगिता प्रमाण पत्रों के दृष्टिगत धनराशि प्रदान करने का भी आग्रह किया।

पठानकोट-मंडी एन.एच. पर जल्द काम होगा शुरू

मुख्यमंत्री को अवगत करवाया गया कि पठानकोट-मंडी एन.एच. पर काम जल्द से जल्द शुरू किया जाएगा और इसके लिए 27 करोड़ रुपए पहले ही प्रदान किए जा चुके हैं। उन्होंने अवगत करवाया गया कि जल्द ही कीरतपुर साहब-नेरचौक पर मुरम्मत का कार्य शुरू करने का प्रयास किया जाएगा और कहा कि सरकार द्वारा भेजी गई केंद्रीय सड़क निधि के तहत परियोजनाओं को जल्द ही मंजूरी दी जाएगी।

Vijay