कसौली गोलीकांड के घायल से मिलने PGI पहुंचे CM जयराम, किया ये ऐलान

Wednesday, May 09, 2018 - 08:03 PM (IST)

शिमला: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को पी.जी.आई. चंडीगढ़ जाकर कसौली गोलीकांड में घायल हुए लोक निर्माण विभाग के बेलदार गुलाब सिंह का कुशलक्षेम जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। गुलाब सिंह उच्चतम न्यायालय की तरफ से कसौली में अवैध निर्माण गिराने के आदेशों की अनुपालन के लिए गई टीम में शामिल थे और हमलावर की तरफ से चलाई गई गोली से घायल हो गए थे। मुख्यमंत्री ने गुलाब सिंह की कत्र्तव्यपरायणता की सराहना की और कहा कि उनके उपचार का सारा खर्च सरकार की तरफ से वहन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने डाक्टरों की टीम से गुलाब सिंह के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली।


ये रहे मौके पर मौजूद
इस मौके पर मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी. महेंद्र धर्माणी, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रोहित सावल, सोलन के जिलाधीश विनोद कुमार, पुलिस अधीक्षक मधुसूदन शर्मा, पी.जी.आई. में सेवाएं दे रहे हिमाचल कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अमिताभ अवस्थी और मैडीकल सुपरिंटैंडैंट प्रो. ए.के. गुप्ता भी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि कसौली में हुई गोलीकांड की घटना में ही टी.सी.पी. की अधिकारी शैल बाला की मौत हो गई थी जबकि गुलाब सिंह घायल हो गए थे।

Vijay