CM Jairam ने अहमदाबाद से लिया CM Helpline की प्रगति का जायजा

Friday, Jul 12, 2019 - 09:17 PM (IST)

शिमला: लोगों की समस्याओं का निवारण करने के लिए तैयार की जा रही मुख्यमंत्री हैल्पलाइन (हिम सेवा) की प्रगति का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को अहमदाबाद (गुजरात) से वीडियो कॉन्फ्रैंस के माध्यम से शिमला में सीधे अधिकारियों से बातचीत की। धर्मशाला में होने वाली ग्लोबल इन्वैस्टर मीट को सफल बनाने के लिए निवेशकों से मिलने अहमदाबाद पहुंचे मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा कि हिम सेवा हैल्पलाइन से 4 स्तरों पर लोगों की शिकायतों का निवारण होगा। हैल्पलाइन की निगरानी सीधे मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव कार्यालय से होगी।

सुबह 7 से रात्रि 10 बजे तक कार्यशील रहेगी हैल्पलाइन

इस मौके पर प्रधान सचिव जगदीश चंद्र ने कहा कि मुख्यमंत्री हैल्पलाइन मोबाइल एप भी आरंभ की जाएगी। मुख्यमंत्री हैल्पलाइन के तहत 4 स्तरों पर शिकायत के मामलों पर कार्रवाई की जाएगी, जिनमें खंड, जिला, विभागाध्यक्ष तथा राज्य स्तर शामिल हैं। यह हैल्पलाइन प्रात: 7 से रात्रि 10 बजे तक कार्यशील रहेगी। निर्धारित समय में समस्या का निदान न होने पर इसे अगले स्तर पर कार्रवाई के लिए भेज दिया जाएगा। इस प्रकार की कार्यशाला का आयोजन मंडी व कांगड़ा स्थित धर्मशाला में भी किया जाएगा।

Vijay