सुक्खू से नाराज CM पहुंचे पटेल के दरबार, 30 मिनट तक चला चर्चा का दौर

Wednesday, Aug 30, 2017 - 06:34 PM (IST)

शिमला: प्रदेश सरकार और संगठन के बीच चल रही तनातनी को लेकर बुधवार शाम को सी.एम. वीरभद्र सिंह ने दिल्ली में सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार और कांग्रेस राज्यसभा सांसद अहमद पटेल से उनके निवास स्थान में मुलाकात की है। उनके बीच की मुलाकात की अवधि करीब 30 मिनट की रही। इस दौरान सी.एस. ने मौजूदा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जताई है। इसके अलावा उन्होंने मौजूदा संगठन में चुनाव न लडऩे की भी बात कही है।

सोनिया गांधी से भी मिल सकते हैं वीरभद्र
 बता दें कि सोनिया गांधी ने अहमद पटेल को वीरभद्र और संगठन के बीच तालमेल बनाने का जिम्मा दे रखा है। उम्मीद जताई जा रही है कि वीरभद्र सिंह बुधवार देर शाम सोनिया गांधी से भी मुलाकत कर सकते हैं। इससे पहले सी.एम. सोनिया गांधी को भी प्रदेश में कांग्रेस के सियासी हालात के बारे में पत्र लिख चुके हैं। उन्होंने पत्र में लिखा था कि अगर ऐसे ही हाल रहे तो वह न चुनाव लड़ेंगे और न चुनाव लड़वाएंगे।

सरकार और संगठन के बीच कई दिनों से चल रहा घमासान 
बता दें कि प्रदेश में सरकार और संगठन के बीच घमासान कई दिनों से चल रहा है। सुक्खू और वीरभद्र सिंह के बीच आए दिन बयानबाजी होती रहती है। यहां तक कि शिंदे भी सरकार और संगठन का झगड़ा नहीं सुलझा पाएं हैं। यह मामला कई बार दिल्ली दरबार में पहुंच चुका है लेकिन इसके बाद भी यह मामला शांत नहीं हो पाया है।