अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरे से पहले CM का ‘तोहफा’, देवी-देवताओं के नजराने में इतने % की वृद्धि

Friday, Sep 01, 2017 - 06:44 PM (IST)

शिमला (राक्टा): मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा में भाग लेने वाले देवी-देवताओं के नजराने में 5 प्रतिशत की वृद्धि किए जाने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने श्रीखंड महोदव यात्रा के लिए कुल्लू दशहरा की निधि से 10 लाख रुपए जारी करने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री शुक्रवार को 30 सितम्बर से आरंभ होने वाले अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा के आयोजन के संबंध में राज्य स्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। कुल्लू दशहरा एक सप्ताह तक चलता है। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि कुल्लू दशहरा राज्य के लोगों के लिए महत्वपूर्ण आयोजन है और यह सुनिश्चित बनाया जाना चाहिए कि इसकी सांस्कृतिक विरासत यथावत बनी रहे। 

कलाकेंद्र में होंगी अंतर सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं 
उन्होंने कलाकेंद्र में दिन के समय गांवों की अंतर सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं शुरू करवाने के भी निर्देश दिए ताकि जिला के दूरवर्ती क्षेत्रों से आए लोगों का भरपूर मनोरंजन हो सके। मुुख्यमंत्री ने बड़े पैमाने पर ग्रामीण खेल गतिविधियां आयोजित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य के बाहर से आने वाले अंतर्राष्ट्रीय कलाकारों तथा सांस्कृतिक दलों की समुचित देखभाल की जानी चाहिए तथा किसी भी स्थिति में कानून व व्यवस्था को बनाए रखा जाना चाहिए।

पर्यटन विभाग से मिलेगी पर्याप्त वित्तीय सहायता : फारका
इस दौरान मुुख्य सचिव वी.सी. फारका ने पर्यटन विभाग से भी पर्याप्त वित्तीय सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। इस दौरान विधायक खूब राम, प्रदेश कांग्र्रस के सचिव सुंदर सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर, जिला कांग्रेस समिति के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, मनाली कांग्रेस समिति के अध्यक्ष भुवनेश्वर गौड़, अतिरिक्त मुख्य सचिव डा. श्रीकांत बाल्दी, भाषा, कला एवं संस्कृति की प्रधान सचिव अनुराधा ठाकुर व निदेशक आर.के. गौतम सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।

305 स्थानीय देवी-देवताओं को किया आमंत्रित : युनूस
जिला कुल्लू के डी.सी. युनूस खान ने कहा कि कुल्लू दशहरा महोत्सव में भाग लेने के लिए लगभग 305 स्थानीय देवी-देवताओं को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने व्यय तथा बचत के लेखे-जोखे का विस्तृत ब्यौरा दिया। उन्होंने कहा कि दशहरा समिति के आग्रह पर रूस से सांस्कृतिक दल ने उत्सव में भाग लेने के अलावा आई.सी.सी.आर. नई दिल्ली 3 अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक दलों के लिए सहमती बनी है। समिति ने श्रीलंका, मध्यपूर्व तथा लेटिन अमेरिका से सांस्कृतिक दलों के लिए आग्रह किया है। उन्होंने स्थानीय कलाकारों की उपयुक्त स्क्रीनिंग करने और प्रस्तुति के दौरान पारम्परिक परिधानों का प्रयोग सुनिश्चित बनाने का आश्वासन दिया।