किन्नौर के रूपिन दर्रे फंसा पर्वतारोही दल सुरक्षित निकाला

Friday, Jun 07, 2019 - 10:16 PM (IST)

शिमला: किनौर की सांगला घाटी के अंतर्गत आते रूपिन दर्रे में फंसे पर्वतारोही दल को भारतीय वायु सेना के हैलीकॉप्टर की सहायता से सुरक्षित निकाल लिया गया है। जिलाधीश शिमला अमित कश्यप ने बताया कि भारतीय वायुसेना के हैलीकॉप्टर द्वारा रूपिन दर्रे से पर्वतारोही दल के 2 घायल सदस्यों को सफलतापूर्वक निकाला है। उन्होंने कहा कि दल के कुल 10 सदस्यों में से दो महिलाओं को निकाला गया। इनमें से एक महिला के घुटने में चोट आई है जबकि दूसरी महिला हाईपोथर्मिया से पीड़ित है।

अनाडेल मैदान में पहुंचाईं घायल महिलाएं

उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना के हैलीकॉप्टर ने इन्हें शिमला स्थित अनाडेल मैदान छोड़ा, जहां से इन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने कहा कि दल के शेष सदस्य अपने आगे के अभियान पर निकल गए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों महिलाओं ने त्वरित बचाव कार्य के लिए जिला प्रशासन एवं हिमाचल प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने पर्वतारोहियों एवं ट्रैकर्ज से आग्रह किया है कि वे ऐसे विभिन्न अभियानों पर जाने से पूर्व संबंधित एस.डी.एम. को अवश्य सूचित करें। उन्होंने एस.डी.एम. रोहडू एवं एस.डी.एम. डोडरा-क्वार को निर्देश दिए हैं कि वे इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहियों एवं ट्रैकर्ज को पूर्ण स्वास्थ्य जांच एवं उचित फिटनैस प्रमाण-पत्र के उपरांत ही अभियान पर भेजा जाए।

मुख्य सचिव पत्र लिखकर करेंगे आग्रह

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव बी.के. अग्रवाल इस संबंध में उत्तराखंड के अपने समकक्ष को पत्र लिखकर आग्रह करेंगे कि उत्तराखंड से भी हिमाचल में पर्वतारोहण एवं ट्रैकिंग के लिए आने वाले पर्वतारोहियों को पूर्ण स्वास्थ्य जांच एवं औपचारिकताएं पूरी कर ही भेजा जाए। 

Vijay