Indian Technomac Scam : CID ने 8 आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में दायर की चार्जशीट

Saturday, Jan 05, 2019 - 10:50 PM (IST)

शिमला (पंकज राक्टा): हिमाचल में इंडियन टैक्नोमैक कंपनी से जुड़े करोड़ों रु पए के घोटाले में सी.आई.डी. ने 8 लोगों के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दायर की है। नामजद किए गए आरोपियों में कंपनी के तत्कालीन निदेशक विनय कुमार, प्लांट हैंड त्रिलोचन बिसवाल, डी.जी.एम. अकाऊंट विवेक लाल व विवेक गुप्ता, डी.जी.एम. स्टोर आर.के. सैनी व डी.जी.एम. वित्त हिमांशु गोयल के साथ ही सुलेमान और अमित सिंह शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार इनमें सुलेमान और अमित पर कंपनी परिसर से चोरी हुए सामान को खरीदने का आरोप है। जांच में खुलासा हुआ है कि करोड़ों रु पए के घोटाले को अंजाम देने में कंपनी के कर्ताधर्ताओं को सरकारी मुलाजिमों का भी पूरा सहयोग मिला।

2,100 करोड़ रु पए से अधिक की वैट व सेल टैक्स चोरी का खुलासा

जांच में कंपनी द्वारा 2,100 करोड़ रु पए से अधिक की वैट व सेल टैक्स चोरी किए जाने को खुलासा हुआ है। इतना ही नहीं, कंपनी ने जाली दस्तावेजों के आधार पर विभिन्न बैंकों से करोड़ों रु पए का कर्ज लिया।  इससे संबंधित रिकॉर्ड भी सी.आई.डी. खंगाल चुकी है। घोटाले से जुड़ीं अधिकतर परतें जांच एजैंसी उधेड़ चुकी है। ए.डी.जी. सी.आई.डी. के अनुसार 8 लोगों के खिलाफ अदालत में चालान पेश किया गया है और मामले की आगामी जांच जारी है। उन्होंने कहा कि इस मामले में संलिप्त अन्य लोगों के खिलाफ अदालत में अनुपूरक चालान पेश किया जाएगा।

अब सरकारी मुलाजिमों का लगेगा नंबर

सी.आई.डी. इस मामले में जल्द ही अनुपूरक चालान अदालत में पेश करेगी। इसके तहत आबकारी एवं कराधान विभाग से जुड़े कुछ तत्कालीन अधिकारियों व कर्मचारियों को नामजद किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार जांच दायरे में चल रहे कई सरकारी मुलाजिम जमानत पर हैं। अनुपूरक चालान में 6 से अधिक लोगों को नामजद किया जा सकता है।

Vijay