पावर टिल्लर की चपेट में आया 13 साल का मासूम, मिली दर्दनाक मौत

Sunday, Dec 16, 2018 - 09:25 PM (IST)

करसोग (यशपाल): जिला मंडी के उपमंडल करसोग में पावर टिल्लर की चपेट में आने से एक मासूम की मौत हो गई। धरमौड़ क्षेत्र के रजोट गांव का 13 वर्षीय कुमार सिंह पुत्र हरबंस लाल हादसे का शिकार हुआ बताया जा रहा है। डी.एस.पी. करसोग अरुण मोदी ने बताया कि मौत के आगोश में समाए मासूम का परिवार खेतों में काम कर रहा था। खेत में खड़ा पावर टिल्लर कुमार सिंह ने स्टार्ट कर दिया जिसके चलते पावर टिल्लर का संतुलन बिगड़ गया तथा वह खेत में ही पलट गया।

इसी दौरान कुमार उसकी चपेट में आ गया तथा उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने गंभीर अवस्था में उसे आई.जी.एम.सी. शिमला पहुंचाया। शनिवार देर शाम आई.जी.एम.सी. में भर्ती करवाने के बाद चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू कर दिया लेकिन उसने रविवार सुबह दम तोड़ दिया। रविवार को पुलिस ने अस्पताल में ही शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया। 

Vijay