हिमाचल उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश ने संभाला कार्यभार, लोगों को जल्द न्याय देने की कही बात

Tuesday, Oct 19, 2021 - 03:49 PM (IST)

शिमला : हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में शपथ लेने के बाद आज न्यायाधीश मोहम्मद रफीक ने हिमाचल हाइकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का कार्यभार संभाल लिया है। बीते वीरवार को राज्यपाल विश्वनाथ आर्लेकर ने न्यायाधीश मोहम्मद रफीक को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई थी। आज हाई कोर्ट फूल कोर्ट एड्रेस देकर उनका स्वागत किया गया। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश का पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अपने संबोधन में हाइकोर्ट के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि लोकतंत्र के तीन स्तम्भों में न्यायपालिका की अहम भूमिका है। हर व्यक्ति को न्याय मिले इसके लिए न्याय व्यवस्था को काम करना चाहिए। गरीब व जरूरतमंद को सस्ता व शीघ्र न्याय मिलना चाहिए। न्याय के लिए निर्भीकता व पारदर्शिता के काम करने की जरूरत है। न्यायाधीश मोहम्मद रफीक का जन्म 25 मई, 1960 राजस्थान में हुआ। दो मर्तबा रफीक राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश भी रहे। अब उनका तबादला हिमाचल हाइकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश के रूप में किया गया है।
 

Content Writer

prashant sharma