जुब्बल-कोटखाई उपचुनाव : चेतन बरागटा ने वापस नहीं लिया नामांकन, त्रिकोणीय हुआ मुकाबला

Wednesday, Oct 13, 2021 - 04:35 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): जुब्बल-कोटखाई उपचुनाव को लेकर भाजपा से बागी हुए चेतन बरागटा ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया है। निर्वाचन आयोग ने चेतन बरागटा को सेब चुनाव चिह्न जारी किया है। स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर चेतन बरागटा को सेब चुनाव चिह्न मिलने की पोस्ट डाली हैं। चेतन बरागटा के नामांकन वापस न लेने पर अब जुब्बल-कोटखाई उपचुनाव में मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।

नामांकन वापसी के अंतिम दिन गायब हुए चेतन बरागटा

बता दें कि बुधवार को नामांकन वापसी के अंतिम दिन चेतन बरागटा दिनभर कहीं गायब हो गए। भाजपा के बड़े पदाधिकारी बरागटा की खोज खबर में लगे रहे लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल पाया। मगंलवार शाम 5 बजे से ही उनके दोनों मोबाइल नंबर भी स्विच ऑफ आ रहे थे। सूत्रों के अनुसार नाम वापसी के लिए दबाव न डाला जाए इसके चलते बरागटा अपने कुछ समर्थकों के साथ भाजपा नेताओं की पहुंच से बाहर चले गए थे। चेतन बरागटा का पता लगाने के लिए भाजपा ने अपने कार्यकर्ता भी फील्ड में उतारे थे लेकिन दिनभर बरागटा का कोई पता नहीं चल पाया। नामांकन वापसी का समय जैसे ही खत्म हुआ तो चेतन बरागटा अपने समर्थकों के साथ घर पर मौजूद मिले।

सीएम जयराम ने कही थी ये बात

बता दें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और अन्य भाजपा नेताओं ने कहा था कि चेतन बरागटा नामांकन वापस ले लेंगे और पार्टी में कोई बगावत नहीं है लेकिन बरागटा द्वारा नामांकन वापस ने लेने से अब इसका सबसे ज्यादा नुक्सान भाजपा को ही होगा।

वीडियो पोस्ट कर जनता से मांगा आशीर्वाद

वहीं चेतन बरागटा ने सुबह के समय 40 सैकेंड का एक वीडियो संदेश पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने दुर्गा अष्टमी पर जनता से आशीर्वाद मांगा है और सभी को शुभकामनाएं भी दी हैं। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay