7 और 9 मील में भूस्खलन से बंद चंडीगढ़-मनाली NH-21 बहाल

Saturday, Aug 06, 2022 - 06:37 PM (IST)

पंडोह (ब्यूरो): पंडोह के समीप स्थित 7 और 9 मील में एनएच-21 चंडीगढ़-मनाली पर भूस्खलन होने का क्रम थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर से भूस्खलन होने से एनएच पर वाहनों के पहिए पूरी तरह से थम गए। शनिवार सुबह हुए भूस्खलन के कारण एनएच-21 करीब 5 घंटे अवरुद्ध रहा। इस कारण लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। सड़क बाधित होने के कारण वाहनों की लंबी-लंबी लाइनें लगने के कारण भारी जाम लगा हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्ग मंडी-कुल्लू-मनाली 7 मील, 9 मील और कई अन्य जगहों पर भूस्खलन होने के बाद वाहनों को पंडोह से वाया गोहर-चैलचौक से भेजा गया, जबकि सुंदरनगर की तरफ से आने वाले मालवाहक वाहनों को नागचला में फोरलेन किनारे रोक दिया गया है। उसके बाद प्रशासन ने सड़क मार्ग को बहाल करने के लिए मशीनरी लगा दी और करीब 5 घंटे बाद एनएच को यातायात के लिए बहाल किया जा सका। 

सड़क मार्ग खुलने से जाम में फंसे लोगों ने राहत की सांस ली। उधर, मंडी शहर के साथ लगते ब्राधिवीर में भी सुबह के समय पहाड़ी से सड़क पर मलबा गिरा। मलबे के साथ एक पेड़ जब गिर रहा था तो सड़क से जा रही एक निजी बस इसकी चपेट में आने से बच गई। सड़क पर मलबा होने के कारण यहां पर जाम लग गया, जो काफी देर बार खुल पाया। बता दें कि शुक्रवार सुबह भी एनएच भूस्खलन होने के कारण बंद हो गया था और शाम साढ़े 7 बजे सड़क मार्ग बहाल हुआ था। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि शनिवार सुबह पौने 7 बजे एनएच-21 भूस्खलन से फिर से बंद हो गया था। इसे बाद में यातायात के लिए बहाल कर दिया गया। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay