Weather Update : हिमाचल में अगले 4 दिन खराब रहेगा मौसम, बारिश-बर्फबारी के आसार

Saturday, Jan 07, 2023 - 08:48 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल प्रदेश में रविवार से मौसम करवट बदल सकता है। मौसम विभाग ने 8 से 11 जनवरी तक प्रदेश में बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई है। विभाग ने कोई विशेर्ष अलर्ट जारी नहीं किया है, ऐसे में सिर्फ हल्की बारिश व बर्फबारी होने के ही आसार हैं। हिमाचल में अगले 4 दिन तक वैस्टर्न डिस्टर्बेंस पूरी तरह से एक्टिव है। इसकी सक्रियता के कारण हिमाचल के 6 जिलों में बर्फबारी होगी और 4 जिलों में बारिश से ड्राई स्पैल का चक्र टूटेगा। प्रदेश के कई इलाकों में शुक्रवार शाम से ही घने बादल छाए हुए हैं।

मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और ऊना के कई क्षेत्रों में कहीं-कहीं पर बारिश होने की संभावना जताई है। मध्यम से ऊंचाई वाले क्षेत्रों सोलन, शिमला, सिरमौर और मंडी में ताजा हिमपात और निचले क्षेत्रों में बारिश होने का पूर्वानुमान है। अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों कुल्लू, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चम्बा और कांगड़ा की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात होने की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान से हिमाचल घूमने आए पर्यटकों में बर्फ देखने की आस जगी है। बर्फ देखने के लिए पर्यटकों ने कुल्लू, मनाली, रोहतांग, लाहौल-स्पीति, शिमला, नारकंडा और कुफरी का रुख किया हुआ है। यह प्रदेश के वह क्षेत्र हैं जहां बर्फ ज्यादा गिरती है। मौसम में आए इस बदलाव से हिमाचल के लोगों को सूखी ठंड से राहत मिलेगी। 

ऊना के तापमान में 1 डिग्री का उछाल
प्रदेश के 12 शहरों का तापमान जो जमावबिंदु पर पहुंच गया था, उसमें सुधार आने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होते ही शिमला के न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सैल्सियस का उछाल दर्ज किया गया। यहां का न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सैल्सियस से बढ़कर 6.2 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। कल्पा के तापमान में 2 डिग्री सैल्सियस का उछाल आया है। कल्पा में न्यूनतम तापमान जमावबिंदु पर पहुंचा है। ऊना के तापमान में 1 डिग्री का उछाल आया है और यहां का तापमान 1.4 डिग्री सैल्सियस पर पहुंच गया है। कुफरी का न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सैल्सियस से 6.5 डिग्री सैल्सियस पर पहुंच गया। शिमला के नारकंडा का न्यूनतम तापमान -0.3 डिग्री सैल्सियस से बढ़कर 2.9 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

प्रदेशवासी व पर्यटक कर रहे बर्फबारी का इंतजार 
प्रदेश में पिछले 3 महीनो से ड्राई स्पैल चल रहा है। ड्राई स्पैल के कारण प्रदेश के किसानों व बागवानों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। फसले सूखने की कगार पर आ गईं हैं। वहीं बर्फबारी न होने से प्रदेश का पर्यटन उद्योग भी प्रभावित हो रहा है। बर्फबारी देखने की चाह में जहां लाखो सैलानी हिमाचल आते हैं तो वहीं अभी तक सैलानियों का आना भी कम ही है। प्रदेश के लोगों के साथ-साथ बाहरी राज्यों से आने वाले सैलानी भी बर्फबारी का इंतजार कर रहे हैं।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay