हिमाचल में 2 दिन बारिश-बर्फबारी की संभावना, जानिए चुनाव के दिन कैसे रहेंगे मौसम के मिजाज

Tuesday, Nov 08, 2022 - 07:32 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में मौसम विभाग ने बुधवार को हल्की बारिश व बर्फबारी के आसार जताए हैं। इस दौरान ऊपरी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है, तो वहीं निचले क्षेत्रों में बारिश की बौछारें गिर सकती हैं। वहीं प्रदेश में 12 नवम्बर को विधानसभा चुनावों के लिए मतदान होना है। मतदान के दिन प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं। 11 और 12 नवम्बर को मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश में मौसम के साफ रहने का अनुमान लगाया है। 

कुफरी में तापमान जमाव बिंदु से नीचे
हिमाचल में बेशक सियासी पारा चढ़ रहा हो लेकिन सर्दी के कारण पहाड़ों का तापमान गिरना शुरू हो गया है। बीते 24 घंटों में लाहौल स्पीति के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी के बाद प्रदेश के अधिकतर शहरों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। केलांग और कुफरी में तापमान जमाव बिंदु से नीचे गिर चुका है। केलांग का न्यूनतम तापमान बीती रात माइनस 4 डिग्री और कुफरी का माइनस 1.4 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के अन्य शहरों के तापमान में भी 1 से 3 डिग्री सैल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। कल्पा का न्यूनतम तापमान 1 डिग्री, मनाली का 3 डिग्री और कोटखाई का न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सैल्सियस गिर गया। इससे सुबह व शाम के वक्त सर्दी का अहसास होने लगा है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay