धोखाधड़ी का मास्टरमाइंड महाराष्ट्र के नासिक से गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2020 - 11:03 PM (IST)

चम्बा (काकू): पैसा डबल करने के नाम पर धोखाधड़ी के मास्टरमाइंड को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को महाराष्ट्र के नासिक से गिरफ्तार किया गया है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश नासिक की अदालत से ट्रांजिट रिमांड पर उसे चम्बा लाया गया। सोमवार को उसे सी.जे.एम. चम्बा की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र में धारा 420 के तहत अन्य 7 मुकद्दमे पहले से ही दर्ज हैं। पुलिस थाना सदर चम्बा में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज हुई थी। 4 शिकायतकत्र्ताओं ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि संकल्प सिद्धि कंपनी में निवेश करने के नाम पर वर्ष 2018 में एक नकली फर्म के बैंक खातों में उसने कुल 9,91,000 रुपए जमा करवा दिए हैं। इसमें बताया गया था कि कुछ ही समय के अंदर उनकी जमा राशि के 20 लाख रुपए मिलेंगे। शिकायतकत्र्ताओं को कुछ समय तक उनके द्वारा लगाई गई कुछ राशि प्राप्त हुई लेकिन बाद में कंपनी की तरफ से राशि मिलना बंद हो गई। जब उन्होंने कंपनी के साथ संपर्क करना चाहा तो कंपनी से कोई भी संपर्क नहीं हो पाया।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही

जिस पर उन्हें आभास हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है। शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसपी चम्बा डा. मोनिका द्वारा एक टीम का गठन किया गया। इसमें एएसआई रघुवीर सिंह, मुख्य आरक्षी इंद्र सिंह, आरक्षी अजय कुमार, आरक्षी संजय कुमार व प्रदीप कुमार (साइबर सैल) को शामिल किया गया । टीम को नासिक (महाराष्ट्र) के लिए भेजा गया। आरोपी की कॉल डिटेल व लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम द्वारा नासिक में जगह-जगह पर दबिश दी गई। कड़ी मेहनत के बाद रविवार को स्कैम के मास्टरमाइंड आरोपी विष्णु राम चन्द्र भगवत पुत्र राम चन्द्र गंगाधर भगवत निवासी नासिक को सिडको (नासिक) से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल हुई। एसपी डा. मोनिका ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले की गहनता से जांच चल रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Kuldeep

Recommended News

Related News