Chamba : आधार कार्ड फॉर्म भरने के नाम पर अवैध वसूली, लोगों से लिए जा रहे 20 से 30 रुपए
punjabkesari.in Saturday, Oct 24, 2026 - 01:52 PM (IST)
Chamba News : जिला मुख्यालय में डीएफसी कार्यालय परिसर में आधार कार्ड के फॉर्म भरने के नाम पर लोगों से कथित तौर पर अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है। आधार केंद्र में कार्यरत एक अधिकारी ने बताया कि कार्यालय परिसर में 2-3 लोग बैठकर कार्यालय में आने वाले लोगों को रोकते हैं और उनके फॉर्म भरने के नाम पर मनमर्जी से 20 से 30 रुपए तक वसूल रहे हैं। इससे सरकारी काम करवाने के लिए कार्यालय पहुंचाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अधिकारी ने स्पष्ट किया कि विभाग की ओर से फॉर्म भरने के लिए कोई भी शुल्क निर्धारित नहीं किया गया है। लोगों की सुविधा के लिए कार्यालय के बाहर नोटिस बोर्ड पर फॉर्म भरने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी भी चस्पा की गई है, ताकि लोग आसानी से प्रक्रिया को समझकर अपना काम करवा सकें। इसके अलावा जो लोग स्वयं फॉर्म भरने में असमर्थ होते हैं, उनके फॉर्म कार्यालय के कर्मचारी निशुल्क भरते हैं। इसके बावजूद कुछ बाहरी व्यक्तियों द्वारा फॉर्म भरने के नाम पर पैसे वसूलने की शिकायत सामने आई है। संबंधित व्यक्ति लोगों को विभागीय प्रक्रिया की सही जानकारी न मिल सके, इसके लिए नोटिस बोर्ड पर लगाए गए नोटिसों को बार-बार फाड़ देते हैं। इससे कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को आवश्यक जानकारी नहीं मिल पाती और वे फॉर्म भरवाने के लिए इन व्यक्तियों पर निर्भर हो जाते हैं। स्थिति का फायदा उठाकर लोगों से पैसे वसूले जा रहे हैं।
अधिकारी ने बताया कि इस मामले को लेकर पहले भी उच्चाधिकारियों के समक्ष शिकायत उठाई जा चुकी है। शिकायत मिलने के बाद संबंधित व्यक्ति 1-2 दिन के लिए परिसर से हट जाते हैं, लेकिन कुछ समय बाद दोबारा वहीं बैठकर अपना काम शुरू कर देते हैं। ऐसे में समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। वहीं अपना आधार कार्ड का कार्य करवाने पहुंची एक महिला ने बताया कि वह जब कार्यालय में पहुंच रही थी तो एक व्यक्ति उन्हें जबरदस्ती से फार्म भरवाने के लिए बाहर ले गया और इसके बदले में उनसे 20 रुपए भी लिए। उन्होंने प्रशासन और विभागीय अधिकारियों से मामले का गंभीरता से संज्ञान लेने तथा परिसर में अनधिकृत रूप से बैठकर लोगों से पैसे वसूलने वाले व्यक्तियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले वाले लोगों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुविधाएं निःशुल्क मिलनी चाहिए, ताकि किसी को भी अपने जायज काम करवाने के लिए अनावश्यक रूप से पैसे न देने पड़ें।
उधर, एडीसी अमित मेहरा ने बताया कि सूचना मिलते ही एसडीएम को मौके पर भेजकर जानकारी जुटाई गई, साथ ही समय-समय पर औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। यही नहीं, सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।

