7 दिनों तक पूर्ण रूप से सील हुए चम्बा शहर के 8 वार्ड

punjabkesari.in Saturday, Aug 08, 2020 - 06:44 PM (IST)

चम्बा (सलीम): शहर में कोरोना के लगातार मामले बढऩे पर प्रशासन ने 8 वार्डों को सील कर दिया है। इसके अलावा मुख्य बाजार भी बंद रहेगा। कोरोना संक्रमण से उत्पन्न खतरे के मद्देनजर प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। इसके आदेश भी जारी कर दिए हैं। यही नहीं, शनिवार को ही मुख्य बाजार में दुकानों को भी बंद करवा दिया है। अब आगामी आदेशों तक बाजार बंद ही रहेगा। इसके अलावा चम्बा शहर में आवाजाही को प्रतिबंधित कर दिया है। कोई भी व्यक्ति घर से बाहर नहीं निकल पाएगा। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रशासन द्वारा घरद्वार की जाएगी। 3 अगस्त को शहर के धड़ोग मोहल्ले में एक वरिष्ठ नागरिक कोरोना संक्रमित पाया गया था। यह बुजुर्ग रैंडम सैंपलिंग में पॉजिटिव पाया गया था। इसके बाद उसके नजदीकी संपर्क में आए लोगों की सैंपलिंग की गई और पहले ही दिन उसके सम्पर्क में आए 16 लोग पॉजिटिव निकले। इसके बाद लगातार कोरोना संक्रमितों की संख्या में इजाफा ही हो रहा है।

 अब तक धड़ोग मोहल्ले में 66 व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए जा चुके हैं। शनिवार सुबह एक साथ 40 नए मामले सामने आ गए। इसको देखते हुए प्रशासन ने शहर के 8 वार्डों को पूरी तरह सील कर दिया है। इसमें वार्ड कसाकड़ा, चौगान, हटनाला, जनसाली, चौंतड़ा, सुराड़ा, सपड़ी और धड़ोग शामिल हैं। हालांकि धड़ोग और कसाकड़ा वार्ड पहले से ही सील हैं। कंटेनमैंट जॉन में लोगों और वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। आदेशों के अनुसार आवश्यक सेवाएं देने के लिए प्रयुक्त अधिकारी और कर्मचारी क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित बनाएंगे। क्षेत्र में पेयजल और बिजली की निर्बाध आपूर्ति की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्षेत्र में फ्लू जैसी बीमारी के लक्षण वाले व्यक्तियों की घर-घर स्क्रीनिंग के लिए समुचित संख्या में टीमें तैनात की जाएंगी।

क्षेत्र में संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए सभी लोगों की पहचान कर उनकी जांच की जाएगी और उन्हें आइसोलेट किया जाएगा। इसके अलावा रैंडम सैंपलिंग भी की जाएगी। कंटेनमैंट जोन में प्रवेश तथा प्रस्थान प्रतिबंधित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती रहेगी। इसके लिए जगह-जगह पुलिस कर्मी तैनात कर दिए हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों के अतिरिक्त किसी अन्य व्यक्ति को कंटेनमैंट जोन में आने-जाने की अनुमति नहीं होगी। कंटेनमैंट जोन में प्रवेश और निकासी के समय सभी वाहनों को अनिवार्य रूप से सैनिटाइज किया जाएगा। चम्बा बाजार में केवल दवाइयों और आवश्यक वस्तुओं की दुकानें खुली रहेंगी।

शहर के 8 वार्ड कंटेनमैंट जोन घोषित किए गए हैं। मुख्य बाजार चम्बा को भी बंद करवाया गया है। इसके आदेश जारी कर दिए हैं। लोग आदेशों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें। नियमों की अवहेलना करने करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Kuldeep

Recommended News

Related News