Chamba: कालेज में भिड़े SFI व ABVP कार्यकर्त्ता : एक के टूटे दांत और दूसरे का फूटा सिर

punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 07:02 PM (IST)

चम्बा (रणवीर): पीजी कालेज सुल्तानपुर (चम्बा) में शनिवार को एसएफआई व एबीवीपी कार्यकर्त्ताओं में खूनी संघर्ष हुआ। आपसी झड़प में दोनों संगठनों के 3 कार्यकर्त्ता घायल हो गए। एक एसएफआई कार्यकर्त्ता के तो दांत टूट गए हैं। इसके अलावा दूसरे के सिर में गंभीर चोट आई। वहीं एबीवीपी कार्यकर्त्ता का भी बाजू टूट गया। कालेज प्रशासन की सूचना के बाद सुल्तानपुर चौकी पुलिस टीम ने मौके पर आकर मामला शांत करवाया तथा दोनों पक्षों काे चौकी तलब किया। तीनों घायल कार्यकर्त्ताओं को लहूलुहान हालत में उपचार के लिए मैडीकल कालेज पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया। दोनों पक्षों के कार्यकर्त्ताओं ने लिखित तौर पर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।

एसएफआई कार्यकर्त्ताओं ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनके 2 कार्यकर्त्ता कालेज की लाइब्रेरी में पढ़ाई कर रहे थे। इस दौरान एबीवीपी के कुछ कार्यकर्त्ता वहां आए और शिमला में हुए लड़ाई झगड़े के बारे में व्यंग्य पास करने लगे। उन्होंने कहा कि डर के मारे 2 ही कार्यकर्त्ता आए हैं। इस पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। वह कालेज कैंपस में पहुंचे तो दोनों पर हमला कर दिया। इस दौरान इकबाल के सिर में गहरी चोट आई, जिससे सिर में 5 टांके लगाए गए। वहीं प्रदीप के दांत टूट गए और नाक में चोट आई। उक्त दोनों कार्यकर्त्ताओं पर 2 माह पूर्व भी हमला किया था, जिससे गंभीर चोट आई थी।

इसके अलावा एबीवीपी के कार्यकर्त्ताओं ने जारी बयान में कहा कि वे शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, इस दौरान एसएफआई कार्यकर्त्ता कुछ डंडे और हथियार लेकर वहां आ गए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इससे उनके कार्यकर्ता अंकु परयाल के बाजू में गंभीर चोट आई है। चिकित्सकों ने बाजू का ऑप्रेशन करवाने को कहा है। घटना की पूरी सच्चाई सीसीटीवी कैमरे में कैद है। उधर, पुलिस ने दोनों कार्यकर्त्ताओं के बयान दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी का कहना है कि कालेज में मारपीट की सूचना मिलने के बाद सुल्तानपुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत करवाया। इस बारे में एसएफआई व एबीवीपी कार्यकर्त्ताओं के बयान दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News