चंबा में नेगी राम ह/त्याकांड, CBI जांच की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

punjabkesari.in Monday, Sep 07, 2026 - 04:21 PM (IST)

Chamba News : हिमाचल प्रदेश के चंबा में पिछले माह एक खाई में 38 वर्षीय एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिलने के बाद उसके परिजनों ने उसकी कथित हत्या की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग करते हुए सोमवार को तीसा में अटल चौक पर चंबा-तीसा राजमार्ग अवरूद्ध कर दिया।

दरअसल, अगस्त में चुराह उपसंभाग के जुक्यानी इलाके में नेगी राम (38) का शव मिला था। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे, एक हाथ कटा हुआ था और चेहरा विकृत किया हुआ था। लेकिन उनकी मोटरसाइकिल पास ही सुरक्षित खड़ी मिली थी। फोरेंसिक रिपोर्ट के अनुसार, नेगी राम पर धारदार और नुकीले हथियारों से बेरहमी से हमला किया गया था। पुलिस ने इस मामले में अब तक एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच से असंतुष्ट होकर, परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया तथा मांग की कि मामले को व्यापक और निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई को सौंपा जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा आरोपी के तौर पर नामजद की गई महिला अकेले इतनी बेरहम और जघन्य हत्या को अंजाम नहीं दे सकती।

हत्या के तरीके और आस-पास की परिस्थितियों को देखते हुए, प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस वारदात में और भी लोगों के शामिल होने की पूरी आशंका है। एक ग्रामीण ने कहा, ''परिवार को संदेह है कि जिस बर्बरता से इस अपराध को अंजाम दिया गया, उसे देखते हुए लगता है कि अभी तक गिरफ्तार या आरोपी बनाए गए लोगों के अलावा और भी लोग- जिनमें एक महिला संदिग्ध भी शामिल है, इसमें शामिल रहे होंगे। इसलिए वे मामले की व्यापक और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।'' 

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News