केंद्र ने चम्बा के 3 पुलों के लिए मंजूर किए 104.32 करोड़, लोगों को मिलेगी राहत

punjabkesari.in Tuesday, May 27, 2025 - 10:00 AM (IST)

शिमला, (भूपिन्द्र): हिमाचल प्रदेश के दुर्गम जिला चम्बा में 3 पुलों के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। केंद्र सरकार ने चम्बा में 3 पुलों के लिए 104.32 करोड़ रुपए की मंजूरी प्रदान की है। इन पुलों के निर्माण से जिले के लोगों को राहत मिलेगी। केंद्र की ओर से सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इसको लेकर राज्य को सूचना भी दी है। इन तीनों पुलों का निर्माण एन.एच.-154ए पर किया जाएगा। इनमें लूना पुल, भट्टी नाला पर पुल तथा केरू पुल शामिल हैं। इन तीनों पुलों की लागत 104.32 करोड़ रुपए है। क्षेत्र के लोग लंबे समय से इन पुलों के निर्माण की मांग कर रहे थे।

ये तीनों पुल जिला चम्बा के दूरदराज के क्षेत्रों के हैं। उधर, इन पुलों को मंजूर करने के लिए राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि वह कुछ रोज पूर्व केंद्रीय मंत्री से उनके दिल्ली कार्यालय में मिले थे। उस समय उन्होंने कुछ मांगें उनके समक्ष रखी थीं। उस समय केंद्रीय मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया था कि इन मांगों पर जल्द कार्रवाई होगी। उनकी मांग पर केंद्र ने यह मंजूरी प्रदान की है। हर्ष महाजन ने कहा कि ये सभी पुल जिला चम्बा के दूरदराज क्षेत्र में बनेंगे। इन पुलों के निर्माण से जिले के विकास में सहयोग मिलेगा।

गिफ्ट डीड के लिए प्रयास तेज

प्रदेश सरकार ने लोगों से पी.एम.जी.एस.वाई.-4 के तहत सड़कों के निर्माण के लिए भूमि की गिफ्ट डीड के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। इस कड़ी में लोक निर्माण विभाग ने राज्य में पी.एम.जी.एस.वाई.-4 के तहत 1,000 सड़कों को शॉर्टलिस्ट किया है, जिन्हें पहले बनाया जाना है। इन सड़कों को केंद्र से मंजूर करवाने के लिए निजी भूमि की आवश्यकता है। सरकार प्राथमिकता पर इन सड़कों के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से गिफ्ट डीड के लिए प्रयास कर रही है। इसके तहत लोगों से संपर्क किया जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News