शिमला पहुंची केंद्र की टीम, प्राकृतिक आपदाओं व बर्फबारी से प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा

Thursday, Jun 13, 2019 - 09:04 PM (IST)

शिमला: सर्दियों के मौसम में प्राकृतिक आपदाओं एवं बर्फबारी के कारण शिमला जिला में हुए नुक्सान का वीरवार को केंद्र के 3 सदस्य दल ने जायजा लिया। इस दल में केंद्र सरकार में निदेशक कृषि डॉ. एम.एन. सिंह, निदेशक व्यय डॉ. एस.सी. मीणा तथा केंद्रीय ग्रामीण विकास विभाग में उप सचिव एस.एस. मोदी सम्मिलित थे। जिलाधीश शिमला अमित कश्यप के बताया कि टीम ने नुक्सान के संबंध में शिमला जिला के खड़ापत्थर में विभिन्न अधिकारियों के साथ बैठक कर वास्तुस्थिति का जायजा लिया एवं नुक्सान का आकलन किया। उन्होंने कहा कि दल ने जिला के विभिन्न अधिकारियों के साथ नुक्सान प्रभावित क्षेत्रों का दौरा भी किया। सर्दी के मौसम में जिला में कृषि, बागवानी, लोक निर्माण, सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग तथा प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड सहित अन्य विभागों को काफी नुक्सान उठाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि शिमला जिला में कुल 5217.74 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है।

बागवानी क्षेत्र में 49.96 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ

उन्होंने कहा कि जिला में 47 हजार हैक्टेयर क्षेत्र में से 44 हजार हैक्टेयर क्षेत्र बागवानी के अधीन है। उन्होंने कहा कि बागवानी क्षेत्र का 33 प्रतिशत से अधिक अर्थात लगभग 7.267 हैक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ है। इससे बागवानी क्षेत्र में 49.96 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है। उन्होंने कहा कि भारी बर्फ बारी से मार्च, 2019 तक जिला के ग्रामीण क्षेत्रों में 236 सम्पर्क मार्ग प्रभावित हुए हैं। इससे लगभग 1490 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। जिला में बर्फबारी से 65 आवासों तथा पशुशालाओं को भी नुक्सान हुआ है तथा 63 लोगों को अपनी जान भी गंवानी पड़ी है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में 19.42 करोड़ रुपए का नुक्सान आंका गया है।

इन विभागों को हुआ नुक्सान

प्राकृतिक आपदाओं एवं बर्फबारी से ग्रामीण विकास विभाग को 1490 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को 539 लाख तथा विद्युत अधोसंरचना के क्षतिग्रस्त होने से 1347 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। रोहड़ू क्षेत्र में जलापूर्ति की 1008 योजनाओं में से 657 प्रभावित हुई हैं। इन्हें पुन: आरंभ करने के लिए 18.93 करोड़ रुपए की आवश्यकता है। शिमला वृत्त में ट्रांसफार्मर तथा बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त होने से लगभग 2.2 करोड़ रुपए का नुक्सान आंका गया है। नगर निगम शिमला की परिधि में बर्फबारी से 250 लाख रुपए का नुक्सान आंका गया है।

ये अधिकारी रहे मौके पर मौजूद

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रोटोकॉल नरेश ठाकुर, उपमंडलाधिकारी ठियोग एम.डी. शर्मा उपमंडलाधिकारी रोहडू बी.आर. शर्मा, केंद्रीय दल के सम्पर्क अधिकारी राजेंद्र कटारिया, जिला राजस्व अधिकारी मंजीत शर्मा, सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के अधीक्षण अभियंता अनिल मनुजा, प्रदेश विद्युत बोर्ड लिमिटेड शिमला वृत्त के अधीशासी अभियंता राजेश चांदला, उपनिदेशक बागवानी राजेश्वर परमार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Vijay