केंद्र ने स्वां नदी के तटीकरण को जारी किए इतने करोड़, तय समय में खर्च करनी होगी राशि

Wednesday, Dec 25, 2019 - 08:57 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): केंद्र ने फ्लड मैनेजमैंट एंड बॉर्डर एरिया प्रोग्राम (एफएमबीएपी) के तहत हिमाचल प्रदेश को 88,20,25,895 रुपए जारी किए हैं। यह बजट ऊना जिला में स्वां नदी के तटीकरण के लिए दिया गया है। इससे स्वां नदी पर दौलतपुर पुल से लेकर गगरेट पुल तक नदी का तटीकरण किया जाएगा। साथ में दौलतपुर पुल से संतोखगढ़ पुल तक के सभी ट्रिब्यूटरी खड्डों का भी तटीकरण किया जाना है। केंद्र ने बजट जारी करते समय राज्य सरकार को आवश्यक मंजूरियां जल्द देकर तय समय अवधि में खर्च करने की हिदायत दी है। केंद्र ने इस प्रोजैक्ट का ऑडिट भी सुनिश्चित बनाने तथा यूटिलाइजेशन सर्टीफिकेट देने को कहा है।

7163 हैक्टेयर क्षेत्र का किया जाना है तटीकरण

सूचना के मुताबिक अब तक स्वां नदी व इसकी सहयोगी खड्डों के तटीकरण का लगभग 55 फीसदी काम ही हो पाया है। इस प्रोजैक्ट के तहत ऊना के लगभग 7163 हैक्टेयर क्षेत्र का तटीकरण कर बाढ़ से स्थानीय लोगों को मुक्ति दिलाई जानी है। प्रोजैक्ट में देरी के कारण परियोजना की लागत भी बढ़ती जा रही है।

Vijay