पांगी में रज्जू मार्ग परियोजना के लिए केंद्र ने हिमाचल को दिए इतने करोड़, पढ़ें खबर

Tuesday, Oct 01, 2019 - 07:40 PM (IST)

शिमला (योगराज): केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्रालय ने पांगी क्षेत्र को वर्ष भर यातायात से जोड़े रखने के लिए किलाड़ की तरफ बनोटू से प्रीगारा में निर्मित होने वाली रज्जू मार्ग परियोजना के लिए 600 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। केंद्र सरकार ने इस वर्ष के लिए प्रदेश को 50 लाख रुपए की अतिरिक्त राशि भी प्रदान की है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि यह रज्जू मार्ग परियोजना प्रदेश सरकार द्वारा केंद्र को इस वर्ष सितम्बर माह में स्वीकृति के लिए भेजी गई थी। 5 चरणों में बनने वाली 21.4 किलोमीटर रज्जू मार्ग की यह परियोजना हिमाचल प्रदेश रैपिड ट्रांस्पोर्ट सिस्टम के लिए एक चुनौती होगी।  

साच दर्रे पर 14,000 फुट की ऊंचाई पर निर्मित होगा रज्जू मार्ग

उन्होंने कहा कि रज्जू मार्ग साच दर्रे पर 14,000 फुट की ऊंचाई पर निर्मित होगा और देश के कठिन, दुर्लभ और बर्फ से ढके क्षेत्रों में वर्ष भर आवागमन सुचारू रखने में अन्य राज्यों के लिए भी एक अनुकरणीय उदाहरण होगा। इस मौके पर प्रधान सचिव, परिवहन जेसी शर्मा ने मुख्यमंत्री को इस महत्वाकांक्षी परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने तथा कार्य को शीघ्र शुरू करने का आश्वासन दिया।

Vijay