शिमला में धूमधाम से मनाया Christmas का त्यौहार, Snowfall न होने से मायूस हुए सैलानी

Wednesday, Dec 25, 2019 - 03:59 PM (IST)

शिमला (तिलक राज): पहाड़ों की रानी शिमला क्रिसमस पर गुलजार हो गई है। शिमला में बड़ी धूमधाम से क्रिसमस का त्यौहार मनाया गया। गिरजाघरों को खास कर सजाया गया है और प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया। सुबह से ही गिरजाघरों में लोग प्रार्थना करने पहुंच गए थे। शिमला के रिज मैदान के क्राइस्ट चर्च में 11 बजे प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।

प्रार्थना सभा से आधा घंटा पहले बैल बजाई गई। वहीं प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने भी क्राइस्ट चर्च में पहुंकर प्रार्थना सभा में भाग लिया, साथ ही लोगों को क्रिसमस की बधाई भी दी। इस दौरान राज्यपाल ने बच्चों को चॉकलेट भी वितरित कीं।

प्रभु यीशु मसीह ने सच्चाई के लिए दिया था बलिदान

इस अवसर पर राज्याल ने कहा कि प्रभु यीशु मसीह ने सच्चाई के लिए बलिदान दिया था और गरीबों की सेवा करने और प्रेम भाव का संदेश दिया था। उनके सन्देश को हमें भी आगे बढ़ाना चाहिए। हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सब भारतीय हैं ऐसी भावना होनी चाहिए। वहीं इस मौके पर राज्यपाल ने  पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन के मौके पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि अटल जी ने देश के विकास और राजनीति में बहुत बड़ा योगदान दिया है। उन्होंने भी प्रेम भाव का संदेश दिया, हमें उनसे भी प्रेणना लेनी चाहिए।

सैलानियों की व्हाइट क्रिसमस की आस टूटी

क्रिसमस मानाने के लिए काफी तादाद में बाहरी राज्यों से सैलानी भी शिमला पहुंचे हैं। खास कर व्हाइट क्रिसमस की आस में सैलानी शिमला पहुंचे थे लेकिन सैलानियों को इस बार निराशा ही हाथ लगी। हिमाचल में मौसम विभाग अनुसार 29 दिसम्बर तक मौसम साफ बना रहेगा। अगले साल 2 जनवरी से हिमाचल में मौसम रुख बदलेगा और बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

Vijay