सावधान! हिमाचल के इन 6 जिलों में आज होगी जमकर बारिश, येलो अलर्ट जारी

punjabkesari.in Tuesday, Sep 16, 2025 - 09:42 AM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश के छह जिलों - बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर - में आज बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 21 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना जताई है।

सोमवार को भी राज्य में मौसम का कहर देखने को मिला। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण 490 सड़कें, 352 बिजली ट्रांसफार्मर और 163 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

राजधानी शिमला में दिनभर बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं, कांगड़ा जिले में सुबह हल्की धूप निकली, लेकिन दोपहर बाद धर्मशाला समेत कई हिस्सों में बारिश हुई। गगल एयरपोर्ट पर उड़ानें सामान्य रहीं।

भूस्खलन से जनजीवन पर असर पड़ा है। चंबा में भरमौर-पठानकोट हाईवे नैनीखड्ड और तुन्नुहट्टी के पास भारी भूस्खलन और पेड़ गिरने के कारण 13 घंटे तक बंद रहा। इससे दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी जिला मुख्यालय तक नहीं पहुंच पाईं। मौसम में आए इस बदलाव से सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ गई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News