रात के अंधेरे में खाई में उतर गई कार, गंभीर घायल सुबह पहुंचा अस्पताल

Sunday, Dec 26, 2021 - 12:15 PM (IST)

जोगिंद्रनगर : रात दो बजे का समय था। रात के अंधेरे में सफर के दौरान चालक का कार से संतुलन खो गया और उसकी कार गहरी खाई में उतर गई। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। कड़कड़ाती ठंड और रात के कारण किसी को हादसे के बारे में कोई खबर नहीं मिली। सुबह जब पुलिस की गाड़ियां मंडी के लिए रवाना हुई तक सड़क हादसे की जानकारी मिली। पुलिसकर्मियों ने कार चालक को बाहर निकाला और फिर गंभीर अवस्था में उसे अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद चालक को टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया गया। पुलिस मामले में जांच कर रही है। 

जानकारी के अनुसार टैक्सी चालक सुरेश मनाली से अपने घर सुजा, जोगेंद्रनगर लौट रहा था। जोगेंद्रनगर शहर से करीब छह किलोमीटर दूर पातकू में वह अपनी कार से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे गहरी ढाक से नीचे गिर गई। रात को 2 बजे के करीब हुए इस हादसे की भनक किसी को भी नहीं लगी। लिहाजा रविवार सुबह पीएम मोदी की रैली के लिए जा रही पुलिस की गाड़ी में सवार पुलिस के जवानों की नजर कार पर पड़ी। उन्होंने नीचे जा कर देखा तो कार सवार घायल अवस्था में बेहोश था। पुलिस के जवानों और आसपास के लोगों की सहायता से घायल टैक्सी चालक को जोगेंद्रनगर अस्पताल उपचार के लिए लाया। वहां से उसे टांडा मेडिकल कालेज एवं अस्पताल रेफर किया है। थाना प्रभारी प्रीतम जरियाल ने कार हादसे में एक घायल की पुष्टि की है।
 

Content Writer

prashant sharma