चिड़गांव में पहाड़ी गिरने से गाड़ी, मकान को पहुंची क्षति

Sunday, Aug 07, 2022 - 11:20 AM (IST)

रोहड़ू (बशनाट) : लगातार हो रही भारी बारिश के चलते छौहारा क्षेत्र में भूस्खलन की भारी स्थिति बनी हुई है। रविवार सुबह 8 बजकर 2 मिनट पर चिड़गांव-रोहल सड़क पर पंचायत घर के समीप भारी लैंडस्लाइड हुआ है। पहाड़ी गिरने से सड़क किनारे पार्क की गई गाड़ी और एक ट्रैक्टर को काफी नुकसान पहुंचा है। साथ ही बने मकान को भी आंशिक रूप से क्षति पहुंची है। हादसे में किसी प्रकार की अनहोनी की कोई खबर नहीं है। सड़क पर गिरे मलबे और चट्टानों से रोहल,जाब्बल, मंगियारी, गांवसारी सड़कों पर यातायात थम गया है। |उधर लोक निर्माण विभाग चिड़गांव द्वारा यातायात सुचारू करने के लिए तुरंत प्रभाव से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया है। ग्राम पंचायत प्रधान आंध्रा गिरधारी लाल और ग्राम पंचायत प्रधान धगोली पन्नालाल धिंधवान ने कहा क्षेत्र में भारी बारिश चलते लैंडस्लाइड की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा आज सुबह क्षेत्र में जोरदार बारिश से लगभग 30 मीटर पहाड़ी गिरकर सड़क पर आ गई। इसके मलबे और चट्टानों से यातायात पूरी तरह बाधित है।

News Editor

Rajneesh Himalian