खाई में गिरी कार, पुलिसकर्मी की मौत

Thursday, Jul 02, 2020 - 12:56 PM (IST)

शिमला : शिमला के पास हुए सड़क हादसे में एक कार बेकाबू होकर खाई में जा गिरी। हादसे में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई है। पुलिस मामले में जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार रोहड़ू उपमंडल के भमनोली डांक के पास एक ऑल्टो कार बेकाबू होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार चला रहे पुलिस कांस्टेबल की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना बुधवार रात आठ बजे के करीब हुई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रोहड़ू पुलिस स्टेशन में कांस्टेबल के पद पर तैनात रामपुर निवासी जय सिंह (36) ऑल्टो (एचपी 06ए 4280) में सवार होकर घर जा रहे थे। 

रोहड़ू-सरमकोट मार्ग पर भमनोली डांक के पास कार असंतुलित होकर खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने हादसे का धमाका होते ही पुलिस को सूचित किया। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तब तक कांस्टेबल दम तोड़ चुका था।  मृतक जय सिंह साल 2006 में पुलिस में भर्ती हुए थे। साल 2008 से वह रोहड़ू थाने में सेवारत थे। वह अपने पीछे पत्नी और एक बच्चा छोड़ गए हैं। रोहड़ू के डीएसपी सुनील नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि शव को पोस्टमार्टम के उपरांत आज परिजनों को सौंप दिया गया है।
 

Edited By

prashant sharma