Job Alert! 10वीं पास युवाओं के लिए रोजगार का मौका, 100 पदों पर होगी भर्ती, 7 से 11 सितम्बर तक चलेंगे इंटरव्यू
punjabkesari.in Wednesday, Sep 02, 2026 - 06:13 PM (IST)
चम्बा (काकू): हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का एक बेहतरीन अवसर सामने आया है। जिला रोजगार कार्यालय चम्बा द्वारा जिले के विभिन्न रोजगार कार्यालयों में एक निजी कंपनी के लिए कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है। इस कैंपस इंटरव्यू के माध्यम से कंपनी में सुरक्षा गार्ड के 100 पदों पर भर्ती की जाएगी।
इन स्थानों पर होंगे कैंपस इंटरव्यू
कैंपस इंटरव्यू का अयोजन 7 सितम्बर को उपरोजगार कार्यालय भरमौर, 8 सितम्बर को जिला रोजगार कार्यालय चम्बा, 9 सितम्बर को उपरोजगार कार्यालय डल्हौजी, 10 सितम्बर को उपरोजगार कार्यालय सुंडला और 11 सितम्बर को उपरोजगार कार्यालय तीसा में प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक किया जाएगा।
शैक्षणिक योग्यता और शारीरिक मापदंड तय
जिला रोजगार अधिकारी जितेंद्र सिंह वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह भर्ती केवल पुरुष उम्मीदवारों के लिए आयोजित की जा रही है। इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास या उससे अधिक निर्धारित की गई है। उम्मीदवार की आयु 19 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। शारीरिक मापदंडों की बात करें तो अभ्यर्थी की ऊंचाई कम से कम 168 सैंटीमीटर और वजन 55 से 95 किलोग्राम के बीच होना अनिवार्य है।
प्रशिक्षण के बाद मिलेगा 24 हजार रुपए तक वेतन
रोजगार अधिकारी ने बताया कि कैंपस इंटरव्यू में चयनित होने वाले अभ्यार्थियों को कंपनी द्वारा पहले एक माह का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद युवाओं को 17,000 से लेकर 24,000 रुपए प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा कंपनी के नियमानुसार अन्य लाभ भी प्रदान किए जाएंगे।
इंटरव्यू में साथ लाने होंगे ये दस्तावेज
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार निर्धारित तिथियों पर अपने नजदीकी रोजगार कार्यालय में सुबह 10:30 बजे उपस्थित हो सकते हैं। उम्मीदवारों को अपने साथ शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, रोजगार कार्यालय में पंजीकरण का प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और अपना विस्तृत बायोडाटा साथ लाना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि साक्षात्कार में भाग लेने वाले किसी भी अभ्यर्थी को कोई यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

