Una: व्यापारी को अवैध वसूली के लिए आई धमकी भरी कॉल, बिना शिकायत मिले जांच में जुटी पुलिस
punjabkesari.in Thursday, Oct 29, 2026 - 07:50 PM (IST)
ऊना (विशाल): हिमाचल प्रदेश के ऊना शहर में एक व्यापारी को कथित तौर पर अवैध वसूली के लिए धमकी भरी कॉल आने का मामला सामने आया है। हालांकि, पीड़ित व्यापारी की ओर से पुलिस को अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए ऊना पुलिस ने अपने स्तर पर संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शहर के एक व्यापारी को कुछ असामाजिक तत्वों के नाम से एक कॉल आई थी, जिसमें उसे डराने-धमकाने और पैसों की मांग किए जाने की बात सामने आई है। किसी माध्यम से यह भनक पुलिस तंत्र तक पहुंच गई। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग तुरंत हरकत में आ गया है और संबंधित व्यापारी से संपर्क साधने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि अभी तक पीड़ित व्यापारी की तरफ से थाने में न तो कोई लिखित और न ही कोई मौखिक शिकायत दर्ज करवाई गई है।
इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस के पास एक व्यापारी को कॉल आने की प्रारंभिक सूचना पहुंची है। एसपी ने स्पष्ट किया कि संबंधित व्यापारी की ओर से अभी तक पुलिस को कोई आधिकारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। फिलहाल, पुलिस टीम व्यापारी से संपर्क स्थापित करने की कोशिश कर रही है, ताकि पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके। शिकायत और तथ्यों के आधार पर ही पुलिस इस मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

