'हिमाचल में गौ सदनों के निर्माण के लिए 8.75 करोड़ रुपए जारी' (Watch Video)

Tuesday, Jul 23, 2019 - 12:46 PM (IST)

शिमला (योगराज): प्रदेश में गठित गौ सेवा आयोग द्वारा गौसदनों के निर्माण एवं रखरखाव के लिए  8.75 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं। पशुपालन एवं मत्स्य मंत्री वीरेंद्र कंवर ने शिमला में आयोजित गौ सेवा आयोग की प्रथम बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि इसके अतिरिक्त 3.93 करोड़ रुपए की राशि मंदिर ट्रस्ट निधि व अन्य निधि से जिलाधीशों द्वारा स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस उद्देश्य पर 8.40 करोड़ रुपए की राशि व्यय की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि जिला सिरमौर के कोटला बडोग में गौ अभ्यारण्य के लिए 1.52 करोड़ रुपए तथा जिला ऊना के थाना कलां के गौ अभ्यारण्य के लिए 1.70 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है।

एच.पी.एस.आई.डी.सी. बद्दी को जारी की 1.64 करोड़ रुपए की राशि

उन्होंने कहा कि जिला सोलन के गौ अभ्यारण के लिए 2.97 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई थी, जिसमें 1.64 करोड़ रुपए की राशि एच.पी.एस.आई.डी.सी. बद्दी को जारी कर दी गई है। इसी प्रकार जिला हमीरपुर के खेरी के गौसदन के लिए 2.56 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं और जिला कांगड़ा के इंदौरा के गौसदन के लिए 3.55 करोड़ रुपए और कंगैहन जयसिंहपुर के लिए 10 लाख रुपए व जिला किन्नौर के राली में गौसदन के निर्माण के लिए 22 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

सरकारी भूमि पर चल रहे गौसदन दिए जाएंगे लीज पर

उन्होंने कहा कि प्रदेश में जो गौसदन सरकारी भूमि पर चल रहे हैं, उन गौसदनों की भूमि को पशुपालन विभाग के नाम पर हस्तांतरित करके गौसदन चलाने वाली संस्था को लीज पर उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायती राज अधिनियम के अंतर्गत ग्रामीणों द्वारा पशुओं को बेसहारा छोडऩे पर उन्हें 5 हजार रुपए तक का जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण को लेकर पंचायतों, महिला मंडलों, योग मंडलों व स्वयं सेवा संस्थानों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा तथा इसके रखरखाव के लिए एक व्यक्ति को तैनात किया जाएगा।

गौसदन व गौ अभ्यारण्य में घरेलू मीटर लगाने की अनुमति

उन्होंने कहा कि 5 किलोवाट तक बिजली की खपत वाले गौसदनों को घरेलू तथा अन्य गौसदनों को व्यावसायिक मीटर/एन.डी.एन.सी. मीटर उपलब्ध करवाए गए थे लेकिन अब 20 किलोवाट खपत वाली गऊशाला/गौसदनों/गौ अभ्यारण्यों को घरेलू मीटर लगाने की अनुमति दे दी गई है। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण का दायित्व केवल सरकार तक सीमित नहीं है। उन्होंने समस्त गैर-सरकारी एवं विशेष आमंत्रित सदस्यों से बेहसहारा गौवंश के संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव पशुपालन संजय गुप्ता, सचिव (भाषा, कला एवं संस्कृति) पूर्णिमा चौहान, गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, निदेशक पशुपालन डॉ. सुदेश चौधरी, सरकारी व गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित थे।

Vijay