Cabinet Meeting : नूरपुर होगा प्रदेश का 14वां पुलिस जिला, होमगार्ड के रैंक भत्ते में बढ़ौतरी

Thursday, Jul 28, 2022 - 07:28 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में कांगड़ा जिले के नूरपुर को नए पुलिस जिला बनाने की स्वीकृति प्रदान की गई। इसके लिए विभिन्न श्रेणियों के 39 पद सृजित कर भरे जाएंगे। बता दें कि नूरपुर प्रदेश का 14वां पुलिस जिला होगा। मंत्रिमंडल ने मंडी जिला के औट पुलिस थाने के तहत गाड़गुशैणी में नई पुलिस चौकी खोलने को स्वीकृति प्रदान की। इसके संचालन के लिए 6 पद सृजित कर भरने की स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में कांगड़ा जिला के पुलिस थाना भवारना के तहत अस्थायी पुलिस चौकी धीरा को स्थायी पुलिस चौकी में परिवर्तित करने के साथ 6 पद सृजित कर उन्हें भरने को भी स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में मंडी जिला की पुलिस चौकी रिवाल्सर को पुलिस थाने में स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया गया। इसके संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 8 पदों को सृजित कर भरा जाएगा। 

बिलासपुर के ब्रह्मपुखर में खुलेगा पुलिस थाना 
मंत्रिमंडल ने बिलासपुर जिला के ब्रह्मपुखर में पुलिस थाना खोलने और इसके सुचारू संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया गया। पुलिस चौकी नम्होल इस पुलिस थाने के अन्तर्गत कार्य करेगी। बैठक में मंडी जिला में अस्थायी पुलिस चौकी डैहर को स्थायी पुलिस चौकी में परिवर्तित करने और इसके सुचारू संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 6 पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया गया। बैठक में कांगड़ा जिला में अस्थायी पुलिस चौकी थुरल को स्थायी पुलिस चौकी में परिवर्तित करने और इसके सुचारू संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 6 पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया गया। मंत्रिमंडल ने सिरमौर जिले के शिलाई में उपमंडल पुलिस अधिकारी का नया कार्यालय खोलने सहित 6 पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया।

लोकल ऑडिट विभाग में भरे जाएंगे 54 पद 
मंत्रिमंडल ने हिमाचल प्रदेश लोकल ऑडिट विभाग में विभिन्न श्रेणियों के 54 पद सृजित कर भरने को भी स्वीकृति प्रदान की। मंत्रिमंडल ने राज्य में विभिन्न विभागों की विकासात्मक गतिविधियों से सम्बन्धित निर्णयों और योजना में स्थानिक और भू-स्थानिक प्रौद्योगिकी के उपयोग के दृष्टिगत आर्यभट्ट जियो इन्फॉरमेटिक्स एंण्ड स्पेस एप्लीकेशन सैंटर को राज्य नोडल एजैंसी घोषित करने का निर्णय लिया। यह केन्द्र सतत् विकास में इस प्रौद्योगिकी के उपयोग के लिए नोडल एजैंसी के रूप में कार्य करेगा तथा राज्य में प्राकृतिक संसाधनों से संबंधित डाटा इत्यादि के संग्राहक के रूप में भी सेवाएं प्रदान करेगा।

होमगार्ड का रैंक भत्ता बढ़ाया
मंत्रिमंडल ने गृह रक्षक कर्मियों के रैंक भत्ते में बढ़ौतरी की भी स्वीकृति प्रदान की। इससे अब कम्पनी कमांडर को 30 के स्थान पर 50 रुपए प्रतिदिन, वरिष्ठ प्लाटून कमाण्डर/प्लाटून कमांडर को 24 के स्थान पर 40 रुपए, हवलदार को 18 की बजाय 30 रुपए और सैक्शन लीडर को 12 के स्थान पर 20 रुपए रैंक भत्ता मिलेगा।

397 बसों की खरीद करेगा एचआरटीसी
मंत्रिमंडल ने यात्रियों को आरामदायक एवं सुरक्षित यात्रा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम द्वारा 360 बसों के स्थान पर 397 बसों की खरीद करने को स्वीकृति प्रदान की। राज्य में खाद्य प्रशासन सुदृढ़ करने के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा एवं नियामक विभाग में सहायक आयुक्त और खाद्य सुरक्षा अधिकारी के 3 पदों को सृजित करने का निर्णय लिया गया। मंत्रिमंडल ने कांगड़ा जिला के शाहपुर में उपरोजगार कार्यालय खोलने और आवश्यक पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया। पशुपालन विभाग में अनुबंध के आधार पर रेडियोग्राफर और प्रयोगशाला तकनीशियन का 1-1 पद भरने के अलावा विभाग में अनुबंध आधार पर कनिष्ठ कार्यालय सहायक (आईटी) के 2 पदों को भरने का निर्णय लिया गया। 

तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर में भरे जाएंगे 51 पद
मंत्रिमंडल ने हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर में विभिन्न श्रेणियों के 51 पद सृजित कर उन्हें भरने की अनुमति प्रदान की। बैठक में राष्ट्रीय कृषि बाजार (ईएनएएम) पोर्टल के तहत पंजीकृत व्यापारियों को बाजार शुल्क/उपयोगकर्ता शुल्क में 10 प्रतिशत छूट प्रदान करने का निर्णय लिया गया। मंत्रिमंडल ने राज्य में कार्यरत विभिन्न कर्मचारियों के मामलों पर विचार के दृष्टिगत हिमाचल प्रदेश कर्मचारी/अन्य कामगार कल्याण बोर्ड का मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में पुनर्गठन करने का भी निर्णय लिया, जिससे कि बेहतर शासन एवं प्रदर्शन सुनिश्चित किया जा सकेगा। बैठक में उद्योग विभाग में सीधी भर्ती के माध्यम से एक्सटैंशन अधिकारी (उद्योग) के 10 पद अनुबंध आधार पर भरने को स्वीकृति प्रदान की गई। मंडी जिला के ढीम कटारू, धरोट, सरोआ, बागा चनोगी, मुराह और सैंज तथा कुल्लू जिला के मंगलौर में नव सृजित 7 सिल्क वॉर्म रियरिंग केन्द्रों के लिए माली/बेलदार के 7 पद भरने की स्वीकृति प्रदान की। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay