रिकांगपिओ में अनियंत्रित होकर डंगे से टकराई निजी बस, 15 यात्री घायल

Saturday, Feb 02, 2019 - 05:52 PM (IST)

रिकांगपिओ: जनजातीय जिला किन्नौर के पुलिस थाना रिकांगपिओ के अंतर्गत शनिवार को ख्वांगी के समीप पोवारी कैंची के पास किनफेड बस के अचानक दुर्घटनाग्रस्त होने से बस में सवार 15 यात्री घायल हो गए, जिनमें 8 पुरुष एवं 7 महिला शामिल हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर को किनफेड बस (एच.पी. 25बी-0227) रिकांगपिओ से रामपुर की ओर जा रही थी कि पोवारी कैंची के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई, जिससे बस में सवार 15 लोगों को चोटें पहुंची हैं। गनीमत रही कि अनियंत्रित हो जाने से बस ऊपर की ओर डंगे से टकरा गई अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।

दुर्घटना में ये हुए घायल

दुर्घटना में किल्बा निवासी आकांक्षा पुत्री सुनील कुमार, मीरू निवासी उर्मिला पत्नी अजय कुमार, चगांव निवासी पत्नी इंद्र कुमार, पद्दर (मंडी) निवासी द्रुपद पुत्र रमेश चंद, दुनी निवासी राजपाल पुत्र गुरुलाल, कल्पा निवासी राज बहादुर पुत्र दलीप सिंह, कल्पा निवासी प्रेम प्रकाश पुत्र स्व. मनोहर दास, उरणी निवासी वैजयंती माला पत्नी गंगा सागर, करसोग निवासी हेमंत कुमार पुत्र चेतराम, कल्पा निवासी सुधीर कुमार पुत्र स्व. लक्ष्मी चन्द, आसरंग निवासी केशवी नंद पुत्र ठाकुर सिंह, बरुआ निवासी शिवानी नेगी पुत्री अशोक कुमार, बरुआ निवासी दिनेश कुमारी पुत्री शिव चंद, चगांव निवासी एवं चालक राजभगत पुत्र स्व. हीरालाल एवं अदिति पुत्री सुनील कुमार को चोटें लगी हैं, जिनका क्षेत्रीय चिकित्सालय रिकांगपिओ में उपचार चल रहा है।

दुर्घटना के कारणों का नहीं चला पता

बताया जा रहा है कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं। बरहाल बस दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर लिया है और छानबीन की जा रही है। एस.डी.एम. कल्पा डा. मेजर अवनिंदर शर्मा ने क्षेत्रीय चिकित्सालय रिकांगपिओ पहुंचकर सभी पीड़ितों का कुशलक्षेम जाना और घायलों को हरसंभव सहायता मुहैया करने के निर्देश जारी किए। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में 15 लोग घायल हुए हैं। प्रशासन की ओर से सभी पीड़ितों को नियमानुसार फौरी राहत प्रदान की जा रही है।

Vijay