बंपर फसल के शोर ने गिराए सेब के दाम, बागवानों को उठाना पड़ा नुक्सान

Saturday, Oct 05, 2019 - 11:01 AM (IST)

शिमला (हेटा) : सेब की बंपर फसल की अफवाह ने 4100 करोड़ से ज्यादा की एप्पल इंडस्ट्री को भारी नुक्सान पहुंचाया है। सेब सीजन शुरू होने से पहले कुछ व्यापारियों और लदानियों ने हिमाचल प्रदेश में इस बार पांच करोड़ पेटी सेब होने का शोर मचाया, जिसके बाद देशभर के बाजारों में व्यापारियों ने साजिश के तहत सेब के दाम गिरा दिए। यही वजह रही कि अगस्त महीने के दूसरे सप्ताह से अब तक सेब का बाजार नहीं संभल पाया है। हिमाचल के अत्यधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों को छोड़ दें तो सेब सीजन पूरी तरह समाप्त हो गया है, लेकिन अभी तक मात्र 2 करोड़ 53 लाख पेटी सेब ही देश की मंडियों को भेजा गया है।

बागवानी विभाग की मानें तो बड़े-बड़े कॉर्पोरेट घरानों द्वारा कोल्ड स्टोर के लिए खरीदा गया सेब और एम.आई.एस. के तहत लिया गया सेब मिलाकर इस बार 3.25 करोड़ पेटी में कारोबार सिमट जाएगा, जोकि साल 2010 की तुलना तकरीबन 2 करोड़ पेटी कम है। वर्ष 2010 में प्रदेश में 5.48 करोड़ पेटी सेब हुआ था। उस दौरान भी सेब के दाम में इतनी ज्यादा गिरावट दर्ज नहीं की गई थी। बागवानी विभाग ने सेब सीजन शुरू होने से पहले 3 करोड़ 70 लाख पेटी सेब होने का पूर्वानुमान लगाया था, लेकिन उसके बाद कुछेक क्षेत्रों में भारी ओलावृष्टि से सेब को बहुत ज्यादा नुक्सान हुआ। ओलावृष्टि के कारण सेब की फसल ओर कम हुई है।

Edited By

Simpy Khanna