भवन निर्माण कार्य देखने प्रियंका वाड्रा 2 माह बाद फिर पहुंची शिमला
punjabkesari.in Tuesday, Oct 02, 2018 - 01:07 PM (IST)

कुफरी (गौतम): राष्ट्रीय कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका वाड्रा करीब 2 माह बाद फिर गुपचुप शिमला पहुंची। इससे पूर्व वह गत 17 जुलाई को शिमला आई थीं और छराबड़ा में चल रहे अपने भवन का निर्माण कार्य देख कर वापस लौट गई थीं। इस बार भी वह भवन के कार्य को देखने के लिए आई हैं। जानकारी के मुताबिक प्रियंका वाड्रा सोमवार को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे के आसपास चंडीगढ़ से सड़क मार्ग होते हुए छराबड़ा पहुंची और सीधे अपने प्लॉट पर गईं जहां करीब 2 घंटे तक कार्य का उन्होंने जायजा लिया। फिर वह छराबड़ा स्थित ओबराय ग्रुप के बने होटल वाइल्ड फ्लावर हाल में लंच करने आईं।
उसके बाद फिर वे प्लॉट पर निर्माण कार्य देखने के लिए चली गईं जहां देर शाम तक कार्य देखने में व्यस्त रही। आजकल प्लॉट पर फाइनल काम चला हुआ है। शायद जल्दी ही वह यहां रहने के लिए आ सकती हैं। अभी वह छराबड़ा स्थित होटल वाइल्ड फ्लावर हाल में रुकती हैं तथा आज भी वहीं रुकी हुई हैं। उनका यहां 2-3 दिन रहने का कार्यक्रम है। उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एस.पी.जी. सुरक्षा कर्मी व सी.आई.डी. पुलिस कर्मी तैनात किए हुए हैं।