केंद्र से 5 हजार करोड़ लाएं भाजपा विधायक, एक मुश्त बहाल कर देंगे संस्थान : संजय रतन

Wednesday, Mar 15, 2023 - 09:56 PM (IST)

शिमला (राक्टा): विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस विधायक संजय रतन ने चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि केवल विरोध के लिए विरोध नहीं होना चाहिए, प्रदेश हित को भी देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने राजनीतिक लाभ लेने के लिए चुनाव से पहले सैंकड़ों संस्थान खोल दिए, जिनके चलाने के लिए 5 हजार करोड़ चाहिए, ऐसे में भाजपा विधायक केंद्र सरकार से 5 हजार करोड़ के आर्थिक पैकेज दिलाएं तो एक मुश्त सभी संस्थान बहाल कर दिए जाएंगे। 

बहाल होगा राजगढ़-पझौता जल शक्ति डिवीजन
भाजपा विधायक रीना कश्यप ने सदन में चर्चा में भाग लेते हुए सरकार पर तीखा निशाना साधा। इसके साथ ही अपने विधानसभा क्षेत्र के तहत डिनोटिफाई किए गए कई संस्थानों को मामला उठाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि वह वर्तमान विधानसभा में एक मात्र महिला विधायक हैं और महिलाओं का सम्मान करना कांग्रेस की परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि जल शक्ति डिवीजन राजगढ़-पझौता को बहाल किया जाएगा। 

एम्स को लेकर श्रेय लेने की होड़
बिलासपुर एम्स निर्माण को लेकर बुधवार को विधानसभा में सत्तापक्ष और विपक्ष विधायकों में श्रेय लेने की होड़ मची रही। पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में एम्स निर्माण को लेकर विचार-विमर्श शुरू हो गया था। मनमोहन सिंह की यह सोच थी। वहीं नयनादेवी के भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि वर्ष 2014 में 11 राज्यों में एम्स बनाए जाने की घोषणा हुई। इसमें हिमाचल को भी शामिल किया गया। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा की सोच थी। उस समय हिमाचल में कांग्रेस की सरकार थी। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay