MC शिमला ने पेश किया 225 करोड़ का बजट, जनता पर 10 फीसदी हाऊस टैक्स का बाेझ

Friday, Feb 28, 2020 - 10:08 PM (IST)

शिमला (तिलक राज): शिमला नगर निगम ने शुक्रवार को वित्त वर्ष 2020-21 का अपना बजट पेश किया। नगर निगम की नवनियुक्त महापौर सत्या कौंडल ने अपना पहला बजट बचत भवन में पेश किया। निगम ने इस बार 225 करोड़ का बजट पेश किया है। इस बजट में निगम ने कोई बड़ी योजनाओं को शुरू करने की घोषणा नहीं की है बल्कि पुरानी योजनाओं को दोहरा कर शहरवासियों का दिल जीतने का प्रयास किया है। निगम अपनी आय बढ़ाने के लिए 10 फीसदी हाऊस टैक्स बढ़ाने जा रहा है।

सब्जी मंडी में 15 करोड़ की लागत से बनेगा भवन 

निगम ने एक छत के नीचे सभी सुविधाएं देने के लिए सब्जी मंडी में 15 करोड़ की लागत से भवन बनाने की घोषणा की है। शहर के सभी पार्कों को एडॉन सुविधा से जोड़ा जाएगा जहां लोगों को फोन को चार्ज करने की सुविधा के साथ फ्री वाई-फाई की सुविधा दी जाएगी। शिमला के साथ लगते क्षेत्र में सीवरेज लाइन बिछाने के लिए बजट में 535 रुपए लाख का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा जी2सी सेवाओं के लिए मोबाइल एप भी तैयार किया जाएगा, जिसके चलते लोग घर बैठे ही बिल भुगतान कर सकेंगे। वहीं शहर में पार्किंग, सड़कों को चौड़ा करने के साथ-साथ तारकोल बिछाने जैसे कार्य करने के प्रावधान किए गए हैं।

सभी वर्गों को ध्यान में रखकर तैयार किया बजट : महापौर

नगर निगम की महापौर सत्या कौंडल ने कहा कि शुक्रवार को निगम ने 225 करोड़ का बजट पेश किया है, जिसमें से 142 करोड़ रुपए शहर में विकास कार्यों पर खर्च किए जाएंगे। बजट को सभी वर्गों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। शहर में लोगों को एक छत के नीचे सभी सुविधाएं देने के लिए सब्जी मंडी में 15 करोड़ से भवन तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों का इस बजट में पूरा ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि शहर में 10 करोड़ की लागत से तहबाजारियों को बसाया जाएगा।

पिछले बजट को किया कॉपी : दिवाकर शर्मा

वहीं इस बजट को विपक्ष ने सिरे से नकारते हुए कहा कि इस बार के बजट में कुछ भी नया नही है। पिछले बजट को ही इस बार पेश किया है। नगर निगम शिमला के कांग्रेस पार्षद दिवाकार शर्मा ने आरोप लगाया है कि नगर निगम के इस बजट में आम जनता के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि पिछले 2 वर्षों से नगर निगम घाटे का बजट ही पेश कर रहा है। पिछले बजट में जिन योजनाओं की घोषणा की थी उनको इस बजट में दोबारा शामिल किया गया है।

बजट में पिछली योजनाएं ही दोहराईं : शैली शर्मा

माकपा की पार्षद शैली शर्मा का कहना है कि इस बार के बजट में पिछली योजनाओं को ही लाया गया है और जो नए काम शहर में करने हैं उनका लेखा-जोखा रखा गया है। नगर निगम ने जो पिछले बजट में मरीजों के लिए मुफ्त खाना देने की बात की थी वो भी धरातल पर नहीं उतर पाई। उन्होंने कहा कि नगर निगम का काम है लोगों को मूलभूत सुविधाएं करवाना न कि उन सुविधा को बंद करना। उन्होंने कहा कि इस बार का बजट मिला-जुला है, इस बजट में कुछ नया नहीं है।

Vijay