बजट में नगर निगम करेगा 5 सालों के कार्यों का रिव्यू

Tuesday, Feb 21, 2017 - 01:22 PM (IST)

शिमला: नगर निगम का वित्त वर्ष 2017-18 का प्रस्तावित बजट 22 फरवरी को पेश होगा। बजट के दौरान माकपा शासित नगर निगम अपने 5 सालों का लेखा-जोखा भी प्रस्तुत करेगा। यह माकपा शासित निगम सरकार का आखिरी बजट होगा। बजट अभिभाषण में सबसे पहले 5 सालों के कार्यों की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद वित्त वर्ष का बजट पेश किया जाएगा। सोमवार को निगम बजट को लेकर आयोजित वित्त संविदा एवं योजना समिति की बैठक में बजट पर चर्चा की गई। बैठक महापौर संजय चौहान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। महापौर संजय चौहान ने कहा कि निगम प्रशासन द्वारा शिमला शहर का बजट तैयार कर लिया गया है इसमें सभी वर्गों को ध्यान में रखा गया है। 


बजट में कुछ न कुछ खास होगा
हर वर्ग के लिए बजट में कुछ न कुछ खास होगा। निगम बजट में शिमला शहर के विकास की कुछ नई योजनाओं को शामिल किया गया है। शहर में पानी, सीवरेज, सड़क, अर्बन ट्रांसपोर्ट सिस्टम, बच्चों के लिए पार्क व खेल मैदान इत्यादि पर तो फोकस रहेगा ही लेकिन इसके अलावा बजट में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं के लिए नई योजनाएं निगम पेश कर सकता है। चुनावी साल में निगम शहर जनता से लोक लुभावने वायदे करेगा। अब देखना यह होगा कि बजट में निगम क्या कुछ शिमला की जनता के लिए पेश करता है। बैठक में नगर निगम के उपमहापौर टिकेंद्र पंवर, सहायक आयुक्त प्रशांत सरकैक, पार्षद शशि शेखर, दीपक रोहाल व कांता सुयाल सहित सभी विभागों के विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। 


गत वर्ष निगम ने पेश किया 215 करोड़ का बजट
बीते साल निगम ने 215 करोड़ का वार्षिक बजट पेश किया था जिसमें 33 करोड़ घाटा दर्शाया गया था। निगम ने गत वर्ष 24 फरवरी को अपना बजट पेश किया था जबकि प्रशासन ने वित्त वर्ष 2015-16 में 166 करोड़ का बजट पेश किया था  जिसमें 44 करोड़ घाटा दर्शाया गया था। निगम 22 को छठे निर्वाचन का 5वां बजट पेश करेगा। 


आम जनता व पार्षदों के सुझावों को किया गया है शामिल
वहीं प्रशासन का कहना है कि निगम के प्रस्तावित बजट में शहर की आम जनता व पार्षदों द्वारा दिए गए सुझावों को प्राथमिकताओं के आधार पर शामिल किया गया है। बजट में हर वर्ग के लिए कुछ विशेष रहेगा।