Una: आग में झुलसे BSP जवान ने PGI में ली आखिरी सांस, सैन्य सम्मान के साथ किया अंतिम संस्कार
punjabkesari.in Sunday, May 10, 2026 - 07:42 PM (IST)
जोल (नरेन्द्र): ऊना जिले के उपमंडल अम्ब के तहत हुए हादसे में बीएसएफ के जवान दिनेश कुमार का निधन हो गया। जानकारी के अनुसार बीएसएफ में वर्ष 2007 बैच के सिपाही दिनेश कुमार (39) छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। बताया जा रहा है कि 3 मई को घर में चाय बनाते समय अचानक गैस लीकेज होने से आग भड़क उठी, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए थे।
परिजनों द्वारा तुरंत उन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया। पीजीआई में कई दिनों तक उनका उपचार चलता रहा लेकिन जिंदगी की जंग लड़ते हुए शनिवार रात करीब 11:30 बजे उनका निधन हो गया। जवान के निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। रविवार को उनका अंतिम संस्कार राष्ट्रीय सम्मान के साथ किया गया।
बीएसएफ की ओर से श्रद्धांजलि देने के लिए सहायक प्रशिक्षण केंद्र खड़का, होशियारपुर से जवानों की टुकड़ी पहुंची, जिन्होंने दिवंगत जवान को सलामी देकर अंतिम विदाई दी। दिवंगत दिनेश कुमार अपने पीछे पत्नी सुदेश कुमारी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं।
पूर्व विधायक बलवीर चौधरी ने भी शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि देश सेवा में समर्पित जवान का इस तरह असमय चले जाना अत्यंत दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

