किन्नौर में भूस्खलन से तबाही, बास्पा नदी पर पुल टूटा, कई वाहन आए चपेट में, 9 की मौत (Watch Video)

Sunday, Jul 25, 2021 - 08:50 PM (IST)

शिमला : हिमाचल प्रदेश में एक ओर जहां बारिश कहर बनकर बरस रही है, वहीं बारिश के बाद भूस्खलन भी आफत गिरा रहा है। प्रदेश के किन्नौर जिले के बटसेरी में बारिश के बाद भारी भूस्खलन हुआ है। भूस्खलन के कारण गांव के लिए बास्पा नदी पर बना करोड़ों का पुल टूट गया है जिससे गांव का देश दुनिया से संपर्क टूट गया है। पहाड़ से भूस्खलन सहित चट्टानें गिरने से कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर रवाना हो गई है। अब तक जो जानकारी प्राप्त हो रही है उसके अनुसार अब तक नौ लोगों के मरने की सूचना प्राप्त हो रही है। 

किन्नौर के सांगला छितुकुल सड़क मार्ग पर बटसेरी के पास पहाड़ी से लगातार हो रहा भूस्खलन के कारण पर्यटकों का एक वाहन मलबे व पत्थरों की चपेट में आ गया है, जिससे अभी तक वाहन में सवार 9 पर्यटकों की मौत होने की सूचना है, जबकि 3 घायल बताए जा रहे हैं। वाहन में चालक सहित 11 लोग सवार बताए जा रहे थे। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी सांगला भेजा गया है जबकि 9 पर्यटकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। 

पहाड़ी से हो रहे भूस्खलन के कारण मलबा व पत्थर इतनी तेजी से आए कि वे पर्यटकों के वाहन को भी अपनी चपेट में ले लिया जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया तथा उसमें सवार 9 पर्यटकों की मौत हो गई। वहीं पहाड़ी से भारी भरकम पत्थरों के आने से बास्पा नदी पर बना लोहे का पुल भी बीच से टूट कर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसे की सूचना मिलते ही डीसी किन्नौर, एसपी किन्नौर, पुलिस दल, राजस्व विभाग व क्यूआरटी मौके पर पहुंच गई है तथा राहत कार्य में जुट गई। इसी भूस्खलन के कारण शनिवार को एक पर्यटकों का वाहन भी चपेट में आ गया था जिसमे पर्यटक बाल बाल बच गए थे। 

हादसे में इनकी हुई मौत

1. प्रतीक्षा (27) पुत्री सुनील पाटिल निवासी नागपुर महाराष्ट्र
2. दीपा शर्मा (34) पुत्री  राम बरोसी निवासी जयपुर
3. अमोघ (27) पुत्र प्रशांत बापत निवासी छत्तीसगढ़
4. उमराव सिंह (चालक) (42) पुत्र जुगल किशोर निवासी वैस्ट दिल्ली
5. कुमार उल्हास (37) पुत्र वेद पाठक 
6. अनुराग बियानी (31) पुत्र नंद किशोर बियानी निवासी राजस्थान
7. ऋचा बियानी (25) पुत्री नंद किशोर बियानी निवासी राजस्थान
8. माया देवी बियानी (55) पत्नी नंद किशोर बियानी निवासी राजस्थान 
9. सतीश कतकबार (34) पुत्र एमएल कतकबार निवासी छत्तीसगढ़ 

ये हुए घायल

1. शिरिल ओबरॉय (39) पुत्र अशोक ओबरॉय निवासी वैस्ट दिल्ली
2. नवीन भारद्वाज (37) पुत्र बलबीर सिंह निवासी मोहाली पंजाब 
3. रंजीत सिंह पुत्र (45) स्व. मलबार निवासी बटसेरी किन्नौर

वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग 505 काजा-समदो के तहत आने वाले काजा के लारा नाले में शनिवार आधी रात को बादल फट गया। भारी बारिश के बाद नाले में बादल फटने से बाढ़ आ गई। हालांकि बादल फटने से किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन सड़क मार्ग बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। जिससे यहां पर सड़क के दोनों ओर 50 से अधिक वाहन भी फंस गए हैं। सड़क बहाल होने के बाद ही यह सभी वाहन लारा नाले से निकल पाएंगे। बादल फटने की सूचना मिलते ही बीआरओ की टीम ने सड़क बहाली का काम शुरू कर दिया है। मशीनरी लगाकर सड़क को बहाल करने की कोशिश चल रही है। बहरहाल जनजातीय क्षेत्रों में बारिश को देखते हुए प्रशासन ने पर्यटकों व स्थानीय लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है। लोगों को नदी-नालों से दूर रहने को कहा गया है। उपायुक्त नीरज कुमार ने कहा कि बादल फटने से क्षतिग्रस्त हुई सड़क को बहाल किया जा रहा है। 

Content Writer

prashant sharma